
रणबीर कपूर
Ranbir Kapoor: बॉलीवुड में लगातार सीक्वल का दौर जारी है. एक के बाद एक हिंदी सिनेमा में सीक्वल पर सीक्वल बन रहे हैं. हालिया दिनों की बात करें तो ‘बॉर्डर’ के 29 सालों के बाद ‘बॉर्डर 2’ पिछले महीने ही रिलीज हुई. 2025 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल अगले महीने यानी मार्च में दस्तक देने जा रहा है. वहीं, संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की फिल्म ‘वध’ का सीक्वल ‘वध 2’ भी हाल ही में रिलीज हुआ है. इनके अलावा आने वाले वक्त में और भी कई सीक्वल देखने को मिलेंगे.
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर के पास भी उनकी दो शानदार फिल्मों के सीक्वल हैं. रणबीर कपूर ने साल 2022 में अपनी पत्नी और दिग्गज एक्ट्रेस आलिया भट्ट के साथ ‘ब्रह्मास्त्र’ फिल्म में काम किया था. फैंस को लंबे वक्त से इसके सीक्वल का इंतजार है. वहीं, साल 2023 में रणबीर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल’ में नजर आए थे. रणबीर इसका भी सीक्वल लाने वाले हैं, जिसे ‘एनिमल पार्क’ नाम दिया गया है. हालांकि, फैंस को उनकी एक और बेहतरीन फिल्म के सीक्वल का इंतजार था. लेकिन, रणबीर ने उसे लेकर फैंस को बुरी खबर सुनाई है.
नहीं आएगा इस बेहतरीन फिल्म का सीक्वल
संजू, ब्रह्मास्त्र, ए दिल है मुश्किल और एनिमल जैसी फिल्मों से दर्शकों के दिलों में अहम जगह बनाने वाले रणबीर कपूर इस जनरेशन के सबसे बेहतरीन एक्टर में से एक माने जाते हैं. हाल ही में अभिनेता ने अपने वेंचर ARKS के इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव आकर अपनी शानदार फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ पर एक बड़ा बयान दिया.
ये भी पढ़ें: फिल्म में देरी पर फैन ने रणबीर कपूर को मारा ताना, रामायण एक्टर बोले ये मेरा बैडलक है
ये जवानी है दीवानी साल 2013 में आई थी जिसमें उनकी जोड़ी अभीनेत्री दीपिका पादुकोण के साथ बनी थी. लाइव सेशन में अभिनेता से उनकी पुरानी फिल्मों के सीक्वल के बारे में सवाल किया गया था. खासकर फैंस ये जवानी है दीवानी के सीक्वल पर अपडेट चाहते थे, लेकिन उन्हें निराशा झेलनी पड़ी है.
रणबीर ने इसे लेकर कहा, ”बहुत से लोग पार्ट 2 चाहते हैं, लेकिन नई फिल्में, नए डायरेक्टर और नए आइडिया बहुत हैं जिन पर काम करना है. मुझे लगता है ये जवानी है दीवानी का अंत बहुत परफेक्ट था. इसलिए मुझे नहीं लगता कि इसमें पार्ट 2 की जरूरत है.”
ब्लॉकबस्टर निकली थी फिल्म
ये जवानी है दीवानी 31 मई 2013 को रिलीज हुई थी. इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म का डायरेक्शन अयान मुखर्जी ने किया था और करण जौहर इसके प्रोड्यूसर थे. 75 करोड़ में बनी फिल्म दुनियाभर में 318 करोड़ रुपये कमाकर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.






