
करौली। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-23 पर सरमथुरा थाना क्षेत्र स्थित बथुआ की खो के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे कार सवार पांच माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से कैलादेवी माता के दर्शन करने जा रहे थे।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार सरमथुरा थाना क्षेत्र स्थित बथुआ की खो के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से कार टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पांच माह के बालक छोटे पुत्र देवेंद्र केवट निवासी मढ़ैया, थाना बसई महमदपुर, जिला फिरोजाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
एक जयपुर रेफर
घायलों में विपिन पुत्र रूमान सिंह, रवि पुत्र मातादीन (28 वर्ष), लाल उर्फ देवेंद्र पुत्र छोटेलाल (35 वर्ष), सूखी पत्नी रूप सिंह (40 वर्ष), छोटी पत्नी श्यामवीर, श्यामवती पत्नी लाल (30 वर्ष), कलुआ उर्फ श्यामवीर पुत्र बाबूराम सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को करौली के जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। इनमें एक युवक श्यामवीर की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया है। डॉ. कैलाश मीणा के अनुसार करीब एक दर्जन घायलों का इलाज जारी है और चिकित्सकीय टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. ओपी मीणा, डॉ. श्रीकांत और अन्य चिकित्साकर्मी तुरंत मौके पर सक्रिय हो गए और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम सहित पुलिसकर्मी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी भी एक प्रमुख वजह मानी जा रही है।





