अगर आपने EPF/PF का पूरा क्लेम जमा कर दिया है और इसके बावजूद उसका निपटारा तय समय में नहीं हुआ, तो आपको देरी के लिए एक्स्ट्रा ब्याज या मुआवजा मिल सकता है. हाल ही में मुंबई कंज्यूमर कमीशन के एक मामले में EPFO को रिटायर्ड कर्मचारी के ₹14.06 लाख के PF क्लेम में 35 दिन की देरी के लिए 6% सालाना ब्याज देने का आदेश दिया गया है.

मामले में आयोग ने माना कि EPFO की ओर से जॉइंट डिक्लेरेशन आवेदन से जुड़ी समस्या के बारे में सही तरीके से जानकारी नहीं दी गई. इसकी वजह से PF क्लेम के निपटारे में देरी हुई. आयोग ने इसे सेवा में कमी माना.
PF क्लेम कितने दिन में सेटल होना चाहिए?
29 जून 2026 से सोशल सिक्योरिटी कोड के तहत EPF से जुड़े नए नियम लागू हुए हैं. इनके तहत अगर PF, पेंशन या डिपॉजिटलिंक्ड इंश्योरेंस का क्लेम हर तरह से पूरा और सही है, तो EPFO को उसे 20 दिन के अंदर सेटल करना होगा. यानी अगर आपने सभी जरूरी दस्तावेज और सही जानकारी के साथ PF क्लेम किया है, तो सामान्य तौर पर 20 दिन के भीतर उसके निपटारे की उम्मीद की जा सकती है. हालांकि, किसी क्लेम में दस्तावेज अधूरे हों, जानकारी में गड़बड़ी हो या किसी तरह की एक्स्ट्रा जांच जरूरी हो, तो मामला अलग हो सकता है.
नए नियमों में देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने का प्रावधान भी है. अगर EPFO का संबंधित अधिकारी बिना पर्याप्त कारण के तय समय में क्लेम का निपटारा नहीं करता है, तो 12% सालाना की दर से पेनल इंटरेस्ट लगाए जाने का प्रावधान है. यह राशि संबंधित अधिकारी के वेतन से वसूल किए जाने की बात नियमों में कही गई है.
PF क्लेम में देरी हो तो क्या करें?
अगर आपका पूरा PF क्लेम जमा होने के बाद भी 20 दिन के भीतर सेटल नहीं होता है, तो आप मामले को EPFO के शिकायत निवारण सिस्टम तक ले जा सकते हैं. सबसे पहले आप अपने एरिया के रीजनल प्रोविडेंट फंड कमिश्वनर के सामने शिकायत कर सकते हैं. इसके अलावा EPFO की ऑनलाइन शिकायत सुविधा EPFiGMS के जरिए भी शिकायत दर्ज की जा सकती है. आप EPFO के Nidhi Aapke Nikat कार्यक्रम में भी अपनी शिकायत रख सकते हैं. यह कार्यक्रम आम तौर पर हर महीने की 10 तारीख को अलगअलग राज्यों में आयोजित किया जाता है.
शिकायत करते समय सबसे जरूरी बात है कि आपके पास PF क्लेम से जुड़े सभी रिकॉर्ड मौजूद हों. क्लेम कब जमा किया, कौन से दस्तावेज दिए, कोई आपत्ति आई या नहीं और EPFO से कबकब संपर्क किया इन सभी का रिकॉर्ड संभालकर रखें.
35 दिन की देरी वाले मामले में क्या हुआ?
मुंबई कंज्यूमर कमीशन के सामने आए मामले में रिटायर्ड कर्मचारी का PF क्लेम ₹14,06,272 का था. आयोग के अनुसार, क्लेम के निपटारे में 35 दिन की देरी हुई. यह देरी 9 नवंबर से 13 दिसंबर 2016 के बीच रही. आयोग ने EPFO को इस रकम पर 35 दिन की देरी के लिए 6% सालाना ब्याज देने का आदेश दिया. EPFO को आदेश का पालन करने के लिए 45 दिन का समय दिया गया है. यह मामला खास तौर पर उन रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिनकी रोजमर्रा की जरूरतें PF की जमा रकम पर निर्भर हो सकती हैं. कुछ हफ्तों की देरी भी उनके लिए आर्थिक परेशानी पैदा कर सकती है.
इसका मतलब यह नहीं है कि हर PF क्लेम में देरी होने पर अपने आप 6% ब्याज मिल जाएगा. मुआवजे या ब्याज का फैसला मामले की परिस्थितियों और संबंधित आदेश के आधार पर हो सकता है. इसलिए अगर क्लेम में देरी हो रही है तो 20 दिन की समयसीमा, क्लेम की स्थिति और सभी जरूरी दस्तावेजों का रिकॉर्ड जरूर रखें.