CrimeViral

Patiala Blue Drum Case: नीले ड्रम में मिली लड़की की लाश, हाथों पर बने हैं दो खास टैटू… कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी पटियाला पुलिस

Patiala Crime News: पंजाब के पटियाला से एक बेहद चौंकाने वाली और खौफनाक खबर सामने आई है. यहां अर्बन स्टेट थाना क्षेत्र के तहत आने वाले डीसीडब्ल्यू (DCW) पुल के पास कूड़े के ढेर में एक नीले रंग के ड्रम से एक अज्ञात लड़की की लाश बरामद हुई है. शुरुआती जांच में मृतका की उम्र 15 से 20 साल के बीच बताई जा रही है. लड़की के हुलिए को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि वो किसी दूसरे राज्य की रहने वाली (प्रवासी) हो सकती है.

Patiala Blue Drum Case: नीले ड्रम में मिली लड़की की लाश, हाथों पर बने हैं दो खास टैटू… कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी पटियाला पुलिस
Patiala Blue Drum Case: नीले ड्रम में मिली लड़की की लाश, हाथों पर बने हैं दो खास टैटू… कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी पटियाला पुलिस

घटना मंगलवार सुबह की है. इलाके से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने कूड़े के ढेर के पास एक बड़ा नीला ड्रम देखा, जिसके ऊपर लाल रंग का ढक्कन मजबूती से लगा हुआ था. ड्रम के आसपास का मंजर देखकर लोगों को किसी अनहोनी का शक हुआ, जिसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब ड्रम का ढक्कन हटाया, तो अंदर का नजारा देखकर सब दंग रह गए—ड्रम के भीतर एक जवान लड़की की लाश ठूंसी हुई थी. लड़की के चेहरे पर चोट के हल्के निशान थे और उसके हाथ पर खून लगा हुआ था.

दोनों हाथों पर बने हैं खास टैटू

इस रहस्यमयी कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस को मृतका के शरीर पर कुछ अहम सुराग मिले हैं. मामले की जानकारी देते हुए एएसआई (ASI) गुरबेंडर सिंह ने बताया कि लड़की के दोनों हाथों पर खास टैटू बने हुए हैं, जो उसकी पहचान करने में मददगार साबित हो सकते हैं:

लड़की के एक हाथ पर अंग्रेजी में NEHA (नेहा) नाम का टैटू बना हुआ है.

उसके दूसरे हाथ पर एक दिल (Heart) का टैटू बना है, जिसके अंदर अंग्रेजी के अक्षर N और A लिखे हुए हैं.

Khabar Monkey

सबूत मिटाने के लिए ‘ब्लाइंड स्पॉट’ का इस्तेमाल

पुलिस को अंदेशा है कि लड़की की हत्या कहीं और की गई है. इसके बाद कत्ल के सबूतों को मिटाने और लाश को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से शव को ड्रम में बंद किया गया और किसी गाड़ी में लोड करके यहां लाकर फेंक दिया गया. पुलिस के मुताबिक, जिस जगह पर ड्रम फेंका गया, वह एक ‘ब्लाइंड स्पॉट’ (जहां सीधे सीसीटीवी कैमरा न हो) है. हालांकि, पुलिस आसपास के रास्तों और पूरे इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध वाहनों और आरोपियों का पता लगाया जा सके.

72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा गया शव

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया. फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने ड्रम और शव से फिंगरप्रिंट्स व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. इसके बाद शव को शिनाख्त के लिए अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में अगले 72 घंटों के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है.

पुलिस ने मृतका की तस्वीरें भी सभी थानों और सोशल मीडिया पर सर्कुलेट कर दी हैं ताकि उसकी पहचान हो सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और हत्या के तरीके का साफ पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सरगर्मी से जुट गई है.

(पटियाला से इंद्रपाल सिंह की रिपोर्ट)

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply