Indian Movies Overseas Box Office Record: बॉलीवुड के पावर हाउस के नाम से मशहूर एक्टर रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 सिनेमाघरों में ताबड़तोड़ कलेक्शन करने के बाद अब स्थिर नजर आ रही है. पिछले कुछ दिनों में इस फिल्म की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई है. इस फिल्म की कमाई के ताजा आंकड़े तो यही बता रहे हैं कि आगे के लिए इसकी राह इतनी आसान नहीं होगी. हालांकि भारत में तो इस फिल्म ने अपना काम कर लिया है और कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए हैं. लेकिन विदेशों में फिल्म के लिए अव्वल नंबर पर पहुंचना इतना आसान नहीं होगा.

भले ही विदेशों में फिल्म की कमाई कितनी भी अच्छी गई हो लेकिन ओवरसीज कलेक्शन के मामले में ये फिल्म 3 फिल्मों से काफी पीछे नजर आ रही है. यूं कहा जाए तो विदेशों में कमाई के मामले में रणवीर सिंह बॉलीवुड सुपरस्टार और सलमान खान के रिकॉर्ड के आसपास भी नहीं पहुंच पाए हैं. आइए जानते हैं कि ओवरसीज कलेक्शन के मामले में देश की 5 सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्में कौन सी हैं और इस कैटेगरी में धुरंधर 2 का हाल कैसा है.
धुरंधर 2 ने कितने कमा लिए?
धुरंधर 2 फिल्म की बात करें तो इस फिल्म ने रिलीज के 22वें दिन 7.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. ये भी अब तक फिल्म की रिलीज का किसी भी दिन का सबसे कम कलेक्शन है. भारत में ग्रॉस कलेक्शन के मामले में सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने 1255.23 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं ओवरसीज कलेक्शन से इस फिल्म की कमाई 410 करोड़ रुपये की रही है. फिल्म का अब तक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1665.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और अभी भी ये फिल्म वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में चौथे नंबर पर बनी हुई है.
ओवरसीज की टॉप 5 फिल्में
ओवरसीज कलेक्शन की बात करें तो इस मामले में रणवीर सिंह की धुरंधर 2 सिनेमाघरों में काफी अच्छा कलेक्शन कर चुकी है. फिल्म हिंदी सिनेमा ही नहीं बल्कि ओवरसीज कलेक्शन के मामले में देश की चौथी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है. इसने विदेशों में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. फिल्म ने हाल ही में शाहरुख खान की जवान का रिकॉर्ड तोड़ा है जो अब तक 406 करोड़ रुपये की कमाई के साथ हिंदी की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ओवरसीज फिल्म थी. लेकिन अब धुरंधर 2 ने ये स्थान हासिल कर लिया है और चौथी हाइएस्ट ग्रॉसिंग इंडियन फिल्म बन गई है. इसके अलावा आमिर खान की दंगल और सीक्रेट सुपरस्टार इसके अलावा सलमान खान की बजरंगी भाईजान ऐसी फिल्में हैं जो रणवीर सिंह की धुरंधर 2 से आगे चल रही हैं.
इन 3 फिल्मों से पाना होगा धुरंधर 2 को पार
धुरंधर 2 के लिए अब आगे की राह आसान नहीं है. फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई है. विदेशों में भी इसे पहले जैसा फायदा मिलता नजर नहीं आ रहा है. ऐसे में धुरंधर 2 फिल्म के लिए विदेशों में कमाई के मामले में इससे आगे बढ़ पाना इतना भी आसान नहीं होने जा रहा. सलमान खान की बजरंगी भाईजान को ओवरसीज कलेक्शन के मामले में पिछाड़ने के लिए अभी भी धुरंधर पार्ट 2 को करीब 80 करोड़ रुपये कमाने होंगे जो कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए आसान नहीं होगा.
अगर ऐसा हो भी जाता है तो इसके बाद रणवीर सिंह की धुरंधर 2 का सामना आमिर खान की दो बड़ी फिल्मों से होगा. आमिर खान की सीक्रेट सुपरस्टार का ओवरसीज कलेक्शन रिपोर्ट्स के मुताबिक 817 करोड़ रुपये का था. इससे पार पाने के लिए रणवीर सिंह की धुरंधर 2 को करीब दोगुनी कमाई करनी होगी जो लगभग नामुमकिन ही है. वहीं दूसरी तरफ दंगल के ओवरसीज कलेक्शन की ओर देखना तो किसी भी फिल्म के लिए आसमान की ओर देखने के बराबर है. इस फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 1535 करोड़ रुपये का है. कलेक्शन को पार पाने के लिए भी धुरंधर 2 को 1000 करोड़ से ज्यादा विदेश से कमाने होंगे जो फिलहाल नामुमकिन नजर आ रहा है.
–
आमिर की इन दोनों ही फिल्म को चीन से काफी अच्छा एक्सपोजर मिला था. भारत में ठीक-ठाक कमाई करने के बाद इन फिल्मों ने विदेश से बंपर कलेक्शन किया था और इसी का असर है कि अन्य दूसरी फिल्मों से भी ये फिल्में आगे हैं. ताज्जुब की बात तो ये है कि देश की ओवरसीज कलेक्शन के मामले में देश की 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में एक भी साउथ की फिल्म नहीं है. मतलब कि विदेशी बॉक्स ऑफिस पर अभी भी साउथ के मुकाबले बॉलीवुड की फिल्मों का जलवा है.





