
कन्नौज। 14 चाकू मारने के बाद भी जिंदा बची पत्नी के साथ युवक ने एक बार भी फिर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। दो साल बाद जेल से छूटकर आए सनकी पति ने पत्नी का रास्ता घेर लिया। इसके बाद रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में ले जाकर दांतों से पत्नी की नाक काटकर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं वारदात के बाद से फरार पति की तलाश में पुलिस ने दबिश शुरू की है।
शहर के काजी टोला मुहल्ला निवासी पप्पू दोहरे करीब सात साल पूर्व साइकिल से करतब दिखाकर खेल दिखाता था। एक नवंबर 2023 की सुबह 11 बजे जिद कर मायके जा रहे पत्नी गुड्डी देवी के सिर और पेट में बस स्टेशन पर पप्पू ने 14 बार चाकू घाेंप कर घायल कर दिया था। दो माह अस्पताल में भर्ती होने के बाद गुड्डी देवी की जान बची थी। पुलिस ने पप्पू को पत्नी के जानलेवा हमले में जेल भेज दिया था।
हाल में ही करीब 15 दिन पूर्व उसे जेल से जमानत मिली थी। घर लौटने पर पता चला कि पत्नी रंगियनपुर्वा गांव मायके में रहती है। सोमवार सुबह पत्नी सरायमीरा में नूरी मार्केट में मजदूरी कर घर लौट रही थी। इस दौरान तिर्वा क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय पप्पू ने गुड्डी देवी को घेर लिया।
इससे पहले की गुजर रहे लोग कुछ समझ पाते कि गुड्डी देवी को जबरिया झाड़ियों में ले जाकर पिटाई कर उसने दांतों से पत्नी की नाक काटकर अलग कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची महिला पुलिस ने घायल हालत में गुड्डी देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद से आरोपित पप्पू फरार हो गया।
सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। घायल महिला की मां राजेंद्री देवी ने बताया कि दामाद पप्पू सनकी है। इससे वह कभी भी बेटी की हत्या कर सकता है।