
IT Professional Journey : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर हाल ही में एक पोस्ट में एक भारतीय IT प्रोफेशनल ने बताया है कि उन्होंने 20 सालों में अनुशासित इन्वेस्टिंग से 9 करोड़ रुपये की नेट वर्थ कैसे बनाई. 47 साल के इस व्यक्ति ने खुद को IT इंडस्ट्री में काम करने वाला एक आम आदमी बताया है. उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदा नेट वर्थ 9 करोड़ रुपये है और ये अधिक लॉन्ग-टर्म इक्विटी इन्वेस्टमेंट और ‘प्योर कंपाउंडिंग’ की वजह से है.
Reddit यूजर ने बताया कि उसने करीब 8 करोड़ रुपये सीधे इंडियन स्टॉक्स में इन्वेस्ट किए गए हैं और 1 करोड़ रुपये इंडियन म्यूचुअल फंड्स में हैं. उसके पास अपना एक फ्लैट भी है. उसने लिखा कि ये 21% XIRR के साथ प्योर कंपाउंडिंग है और साथ ही यह भी बताया कि जादू 10-15 साल बाद होता है.
2005 में सालाना 3 लाख रुपये कमाई
2005 में वो सालाना 3 लाख रुपये कमाता था और उसका कोई इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो नहीं था. 2010 तक उसकी सैलरी बढ़कर 10 लाख रुपये हो गई और पोर्टफोलियो भी 10 लाख रुपये का हो गया. 2016 तक उसकी सैलरी 25 लाख रुपये थी और उसका पोर्टफोलियो करीब 1 करोड़ रुपये का था. 2020 में उसकी सैलरी सालाना करीब 35 लाख रुपये थी और उसके पास करीब 2 करोड़ रुपये का पोर्टफोलियो था. जनवरी 2026 तक उसकी सालाना सैलरी करीब 65 लाख रुपये और उसका इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो बढ़कर 9 करोड़ रुपये हो गया.
90% डायरेक्ट स्टॉक्स में है इन्वेस्टमेंट
Reddit यूजर ने बताया कि उसके पोर्टफोलियो का लगभग 90% डायरेक्ट स्टॉक्स में है और 2020 के बाद की बुल रन ने उसकी नेट वर्थ को काफी बढ़ाया है. 2020 तक उसका पोर्टफोलियो पहले ही 2 करोड़ रुपये का हो गया था. ये 15 सालों में करीब 1.2 करोड़ रुपये के कैपिटल इन्वेस्टमेंट पर बना था. 2020 और 2025 के बीच उसने और 1.2 करोड़ रुपये इन्वेस्ट किए. उसने आगे बताया कि उसकी इक्विटी होल्डिंग्स से सालाना करीब 6 लाख रुपये डिविडेंड मिलता है, जिसे वो फिर से इन्वेस्ट कर देता है.





