
भोपाल: मध्यप्रदेश की राज्यसभा की एक सीट को लेकर कांग्रेस में मंथन तेज हो गया है। मौजूदा राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए पार्टी इस बार महिला उम्मीदवार पर दांव लगाने की तैयारी में है। इस दौड़ में पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है।
राहुल गांधी की करीबीं हैं ये मीनाक्षी नटराजन
सूत्रों के अनुसार, मीनाक्षी नटराजन इन दिनों दिल्ली में सक्रिय हैं और शीर्ष नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी के करीबी होने के कारण उनकी दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा खुद को राज्यसभा की दौड़ से अलग करने के बाद पार्टी के अंदर नए समीकरण बन गए हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस इस बार अलग रणनीति अपनाते हुए महिला नेतृत्व को प्राथमिकता दे सकती है।
क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए कांग्रेस की तैयारी तेज
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए संगठन स्तर पर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी को विधायकों को एकजुट रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनके जल्द भोपाल दौरे की संभावना जताई जा रही है। वहीं, अन्य दावेदारों की राह आसान नहीं दिख रही। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का रुख स्पष्ट नहीं है और वे पहले ही राज्यसभा जाने से इनकार कर चुके हैं। इसके अलावा कमलेश्वर पटेल और अरुण यादव जैसे नाम चर्चा में जरूर हैं, लेकिन उनकी दावेदारी कमजोर मानी जा रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री का भी नाम चर्चा में…
पार्टी सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए आदिवासी चेहरे पर भी विचार कर रही है, जिसमें कांतिलाल भूरिया का नाम सामने आया है। हालांकि, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। कुल मिलाकर, कांग्रेस इस बार रणनीतिक और संतुलित फैसला लेने की तैयारी में है, जिससे न सिर्फ राजनीतिक संदेश जाए, बल्कि संगठनात्मक मजबूती भी बनी रहे।





