मोदी ने ‘यमुना मैया की जय’ का नारा लगाया कहा- इसे दिल्ली की पहचान ˒

मोदी ने ‘यमुना मैया की जय’ का नारा लगाया कहा- इसे दिल्ली की पहचान ˒

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पीएम मोदी ने भाजपा हेडक्वॉर्टर में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत यमुना मैया की जय के नारे के साथ की।

उन्होंने कहा- आज दिल्ली में दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और सुकून भी है। उत्साह विजय का है, सुकून दिल्ली को आप-दा से मुक्त कराने का है। आपने दिल खोलकर प्यार दिया। मैं दिल्लीवालों को नमन करता हूं।

भाजपा की 40 सीटें बढ़ीं, AAP को 40 का ही नुकसान

भाजपा ने दिल्ली में 27 साल बाद स्पष्ट बहुमत हासिल किया। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से भाजपा ने 48 और आम आदमी पार्टी (AAP) ने 22 सीटें जीतीं। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है।

मोदी ने कहा- मैं मानता हूं कि विजय मिले तो अपनी विनम्रता को नहीं छोड़ना
पीएम मोदी ने कहा- मैंने हमेशा जिस मंत्र को जिया है, जिसे मैं स्मरण करता हूं। वो है हमें हमेशा, जब-जब विजय मिले अपनी नम्रता को कभी छोड़ना नहीं है, विवेक, समाजसेवा के भाव को नहीं छोड़ना है। हम सत्ता सुख के लिए नहीं सेवा भाव के लिए आए हैं। हम शक्ति और समय सेवा के लिए खपा देंगे।

इस संकल्प के साथ हम आगे बढ़ें। दिल्ली और एनसीआर के विकास के सपने सोचे हैं, उसे पूरा करके रहें। सभी देशवासियों के निरंतर आशीर्वाद बनाए रखने के लिए आभार, दिल्ली वासियों का फिर से आभार। सभी को बधाई। यमुना माता की जय। यमुना मैया की जय। भारत माता की जय।

पीएम बोले- ये कांग्रेस आजादी के वक्त वाली कांग्रेस नहीं रही
पीएम ने कहा कि कांग्रेस का हाथ थामने वाले इसलिए भी बर्बाद हो रहे हैं, क्योंकि आज कांग्रेस वो कांग्रेस नहीं है। कांग्रेस के नेता कहते हैं कि वो इंडियन स्टेट से लड़ रहे हैं, ये नक्सलियों की भाषा है। ये समाज-देश में अराजकता लाने की भाषा है। आप-दा भी उसी सोच को आगे बढ़ा रही थी। ये सोच राष्ट्र की उपलब्धियों पर अटैक करती है। ये सोच दुनिया में अपनी ही सोच का आर्थिक-सामाजिक और राजनीतिक निजाम लाना चाहती है।

पीएम ने कहा कि यही वजह मैंने एक लाख नौजवानों को राजनीति में आने को कहा है। देश को सही मायने में एक गंभीर पॉलिटिकल ट्रांसफॉर्मेशन की जरूरत है, विकसित भारत को नई प्राण शक्ति की जरूरत है, राजनीति को नए आइडिया, राजनीति और चिंतन की जरूरत है। अच्छे नौजवान बेटे-बेटियां राजनीति में नहीं आएंगे तो ऐसे लोग कब्जा कर लेंगे जो राजनीति में नहीं आने चाहिए।

सफलता-असफलता अपनी जगह पर है, लेकिन देश को धूर्तता, मूर्खता की राजनीति नहीं चाहिए। देश का तेजस्वी युवा अगर राजनीति में नहीं आएगा तो देश धूर्तता-मूर्खता की राजनीति में फंस जाएगा।

हमें राजनीति में नयापन लाना है। ये जीत नई जिम्मेदारी लेकर आई है। भाजपा रिफॉर्म-परफॉर्म की गारंटी देती है। दिल्लीवासी जुड़ जाएगा तो ट्रांसफॉर्मेशन और तेजी से आएगा। हम मिलकर दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि, राजनीति का अध्ययन करने वालों पर एक काम छोड़ता हूं। आप देखना कि 2014 के बाद इस पार्टी के नेताओं ने 5-7 साल तक हिंदू बनने की कोशिश की। मंदिरों में जाना, माला पहनना, उन्हें लगा ऐसे भाजपा के वोट बैंक में सेंध मारेंगे। आपने देखा होगा पिछले कुछ वर्षों ने उन्होंने यह रास्ता बंद कर दिया।

अब राज्यों की अलग-अलग पार्टियों पर उनकी नजरें हैं। पार्टियां समझ गई होंगी कि ये उनको ही खा रहे हैं। INDI गठबंधन के दल अब कांग्रेस का कैरेक्टर समझने लगे हैं। उन्हें एहसास हो रहा है कि जिस वोट बैंक को उन्होंने छीना, कांग्रेस उसे वापस पाने में जुटी है।

पीएम बोले कि दिल्ली में INDI गठबंधन के दलों ने मिलकर कांग्रेस के वोट बैंक को रोकने की कोशिश की है। दिल्ली में कांग्रेस के खिलाफ पूरा INDI गठबंधन था। वे कांग्रेस को रोकने में सफल रहे, लेकिन आप-दा को बचाने में कामयाब नहीं हो पाए।

पीएम बोले- कांग्रेस अब परजीवी पार्टी बन गई है
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जनता ने फिर एक बार कांग्रेस को कड़ा संदेश दिया है। दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है। देश की राजधानी में देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार दिल्ली में 6 बार से खाता नहीं खुल रहा है। ये लोग खुद गोल्ड मेडल देते फिर रहे हैं।

पीएम ने कहा,
सच्चाई यह है कि कांग्रेस पर देश बिल्कुल भरोसा करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी है। खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस एक के बाद एक सहयोगियों को खत्म कर रही है। तरीका मजेदार है।

आज की कांग्रेस सहयोगियों की भाषा और एजेंडा को चुराने में लगी हुई है। उनके वोट बैंक में सेंध मारती है। यूपी में कांग्रेस उस वोट बैंक को छीनने की कोशिश कर रही है, जिस पर सपा और बसपा अपना मानती है। मुलायम सिंह जी समझ गए थे।

पीएम ने कहा कि बिहार में भी ये कांग्रेस ही है जो जातिवाद का जहर फैलाकर अपनी सहयोगी आरजेडी की जमीन को खाने में जुट गई है। ऐसा ही हाल जम्मू-कश्मीर, बंगाल में भी कांग्रेस ने अपने सहयोगियों का किया। दिल्ली में भी साफ हो गया कि जो कांग्रेस का हाथ एक बार थामता है, उसका बंटाढार होना तय हो जाता है।

मोदी ने कहा- आज अन्ना हजारे को भी पीड़ा से मुक्ति मिली होगी
पीएम मोदी ने कहा- आप-दा वाले यह कहकर राजनीति में आए थे कि राजनीति बदल डालेंगे, लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले। वरिष्ठ महानुभाव श्रीमान अन्ना हजारे का बयान सुन रहा था। वे काफी समय से इन आप-दा वालों के कुकर्मों की पीड़ा झेल रहे थे। आज उन्हें भी उस पीड़ा से मुक्ति मिली होगी।

पीएम ने कहा,
इस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध हुए आंदोलन से हुआ हो, वही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। देश की ऐसी पार्टी बनी जिसके मुख्यमंत्री, मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। ये खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट और दूसरों को भ्रष्टाचार का मेडल देते थे, वे खुद बेईमान निकले।

पीएम बोले- शराब घोटाले ने दिल्ली को बदनाम किया। अहंकार इतना कि जब दुनिया कोरोना से निपट रही थी, तब ये आप-दा वाले शीशमहल बना रहे थे। आप-दा वालों ने अपने घोटाले छिपाने के लिए साजिशें रचीं। मैं गारंटी दे रहा हूं कि पहले विधानसभा सत्र में ही CAG की रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी। भ्रष्टाचार की जांच होगी और जिसने भी लूटा है, उसको लौटाना पड़ेगा। ये भी मोदी की गारंटी है।

पीएम बोले- आप-दा ने दिल्ली की आस्था यमुना का अपमान किया
पीएम मोदी ने कहा कि मां यमुना हमारी आस्था का केंद्र हैं। तभी तो कहते हैं कि नमो नमस्ते यमुना सदा त्वम। हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना को नमस्कार करते हैं। उसी यमुना जी की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी है। दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुनाजी की गोद में पनपा है।

दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर आहत हो रहे हैं। लेकिन दिल्ली की आप-दा ने इस आस्था का अपमान किया, लोगों की भावनाओं-आस्था को पैरों तले कुचल दिया। अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया। चुनाव प्रचार के दौरान मैंने संकल्प लिया है कि यमुनाजी को हम दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे।

पीएम ने कहा-
मैं जानता हूं कि काम कठिन है, लंबे समय का है, गंगा जी को देखिए राजीव गांधी के जमाने से चल रहा है। समय कितना ही क्यों न लगे, शक्ति कितनी ही क्यों न लगे, उनका आशीर्वाद हमारे संकल्प को लगेगा। हम पूरा प्रयास करेंगे।

मोदी बोले- हम दिल्ली-NCR में तरक्की के नए रास्ते खोलेंगे
पीएम ने कहा कि दिल्ली के लोग टूटती सड़कें, कूड़े के ढेर, सीवर ओवरफ्लो और प्रदूषित हवा से त्रस्त रहे हैं। अब यहां भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी। पहली बार दिल्ली-NCR के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है। आजादी के बाद यह पहली बार हुआ है।

राजस्थान में, यूपी में, हरियाणा में पड़ोस के हर राज्य में भाजपा की सरकारें हैं। ये सुखद संयोग है। इन सभी क्षेत्रों में आजादी के बाद पहली बार एकसाथ भाजपा की सरकारें हैं। इससे दिल्ली और पूरे NCR में तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने जा रहे हैं। हमारी कोशिश होगी कि आनेवाले समय में मोबिलिटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ढेर सारा काम होगा। इस क्षेत्र के नौजवानों को तरक्की के नए-नए रास्ते मिलेंगे।

आज देश तेजी से शहरीकरण की ओर बढ़ रहा है। पहले की सरकारों ने इसे बोझ माना। उन लोगों ने शहरों को पर्सनल वेल्थ कमाने का जरिया बना दिया। लेकिन मेरा मानना है कि अर्बनाइजेशन एक मौका है। अर्बनाइजेशन गरीबों को सशक्त करने का एक माध्यम है। दिल्ली भारत का गेटवे है। इसलिए इसे देश का सर्वश्रेष्ठ अर्बन इन्फ्रास्ट्रक्चर मिलना ही चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *