
भारतीय सिनेमा को नई पहचान दिलाने में कई कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई है। हिंदी से लेकर दक्षिण भारतीय फिल्मों तक कुछ ऐसे सितारे रहे, जिन्होंने अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों में स्थायी जगह बनाई। ऐसी ही एक नाम है मीरा जैस्मीन, जिन्होंने लंबे ब्रेक के बाद साउथ सिनेमा में दमदार वापसी की और आज भी अपनी बहुमुखी प्रतिभा से दर्शकों को प्रभावित कर रही हैं। 15 फरवरी 1982 को केरल में जन्मीं मीरा जैस्मीन उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्हें किसी एक तरह के किरदार में सीमित नहीं किया जा सकता। उन्होंने अपने करियर में कॉमेडी, इमोशनल और इंटेंस किरदार निभाकर दर्शकों को प्रभावित किया। निजी और पेशेवर जीवन दोनों वजहों से वह अक्सर चर्चा में भी रहीं।

उन्होंने साल 2001 में फिल्म सूत्रधरन से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से ब्रेक लिया, लेकिन करीब 11 साल बाद तमिल सिनेमा में वापसी कर एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
मीरा जैस्मीन ने सिर्फ व्यावसायिक रूप से सफल फिल्में ही नहीं कीं, बल्कि आलोचकों से भी खूब सराहना पाई। साल 2003 की मलयालम फिल्म कस्तूरीमन ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इस फिल्म के लिए उन्हें केरल राज्य फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान भी मिला। इसके बाद उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी समेत कई भाषाओं की फिल्मों में काम किया।
साल 2005 में रिलीज फिल्म अचुविंते अम्मा में उनके अभिनय को आलोचकों ने भी खूब सराहा। वहीं फिल्म पादम ओन्नू: ओरु विलापम के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फिल्मी करियर के साथ उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। कई लिंकअप खबरों के बीच उन्होंने दुबई के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनिल से शादी की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शादी को लेकर काफी विवाद भी हुए और उन्होंने सुरक्षा की मांग भी की थी।






