
रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीण विकास विभाग के बजट का 63 प्रतिशत हिस्सा VB-G, RAM G और PMAY-G को दिया गया है. Image Credit source: ChatGPT
ग्रामीण विकास विभाग के इस वर्ष के बजट में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की जगह लाई गई नई योजना वीबी-जी राम जी को सबसे बड़ा हिस्सा मिला है. रिपोर्ट के अनुसार, इस योजना को विभाग के कुल आवंटन का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा दिया गया है. पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च द्वारा ग्रामीण विकास मंत्रालय के लिए किए गए बजट के विश्लेषण में कहा गया कि वीबी-जी राम जी को बजट में 95,692 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं जो ग्रामीण विकास विभाग के कुल बजट का लगभग 40 प्रतिशत है.
वित्त वर्ष 2026-27 में ग्रामीण विकास विभाग के कुल बजट में वीबी-जी-राम जी के 40 प्रतिशत और प्रधानमंत्री आवास योजनाग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के लिए 23 प्रतिशत आवंटित किए गए हैं जिसे मिलाकर ग्रामीण विकास के लिए कुल आवंटन 63 प्रतिशत हो जाता है. वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) को आठ-आठ प्रतिशत हिस्सा मिला है, जबकि राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) को चार प्रतिशत दिया गया है.
वित्त वर्ष 2026-27 में ग्रामीण विकास मंत्रालय को 1,97,023 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान से चार प्रतिशत अधिक है. भूमि संसाधन विभाग को 2,654 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान से 51 प्रतिशत अधिक है.
मनरेगा के लिए घटा बजट
इस वर्ष मनरेगा के लिए आवंटित राशि 30,000 करोड़ रुपये थी, जो पिछले वर्ष के संशोधित अनुमान 88,000 करोड़ रुपये से 66 प्रतिशत कम है. अन्य सभी योजनाओं के लिए पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में आवंटन में वृद्धि हुई है, जिसमें पीएमएवाई-जी के आवंटन में 66 प्रतिशत की वृद्धि होकर 54,917 करोड़ रुपये हो गया है. पीएमजीएसवाई के आवंटन में पिछले वर्ष के संशोधित अनुमान की तुलना में 73 प्रतिशत की वृद्धि होकर 19,000 करोड़ रुपये हो गया है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि एमजीएनआरईजीएस के तहत, पिछले पांच वर्षों में, मजदूरी भुगतान योजना के कुल व्यय का लगभग 70 प्रतिशत रहा है. सामग्री लागत कुल व्यय का 26 प्रतिशत थी, जिसमें से लगभग 20 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा वहन किया गया है. इस प्रकार, केंद्र सरकार ने योजना पर कुल व्यय का लगभग 90 प्रतिशत वहन किया है.
बढ़ सकता है VB-G RAM G खर्च
रिपोर्ट में कहा गया है, “VB-G RAM G अधिनियम के तहत निधि बंटवारे के पैटर्न में बदलाव के साथ, राज्य सरकारों द्वारा इस योजना पर किया जाने वाला व्यय बढ़ सकता है. VB-G RAM G अधिनियम के तहत, जो 125 दिनों के काम की गारंटी देता है, केंद्र और राज्य सरकारें 60:40 के अनुपात में व्यय साझा करेंगी, पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों को छोड़कर, जहां यह अनुपात 90:10 होगा. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पिछले एक दशक में, MGNREGS के तहत रोजगार प्रति परिवार प्रति वर्ष औसतन लगभग 48 दिन रहा है. भागीदारी करने वाले परिवारों में से 10 प्रतिशत से भी कम परिवार 100 दिनों का काम पूरा करते हैं. 2020-21 में, कोविड-19 महामारी के कारण रोजगार के औसत दिन बढ़कर प्रति परिवार 52 दिन हो गए. बाद के वर्षों में रोजगार सृजन में कमी आई और 2024-25 में यह प्रति परिवार 50 दिन दर्ज किया गया. औसतन, 2017-25 के दौरान सात करोड़ परिवारों ने काम की मांग की, जिनमें से छह करोड़ परिवारों (90 प्रतिशत) को काम मिल सका.
सैलरी में आई कमी
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पिछले कुछ वर्षों में श्रमिकों को दिया जाने वाला वास्तविक वेतन अक्सर अधिसूचित दर से कम रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, 2025-26 में (दिसंबर 2025 तक), 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में श्रमिकों को मिलने वाला वेतन अधिसूचित वेतन दर से कम था. आंध्र प्रदेश में श्रमिकों को अधिसूचित 307 रुपए के मुकाबले 268 रुपए मिले, छत्तीसगढ़ में यह आंकड़ा 261 रुपये के मुकाबले 245 रुपए और गुजरात में 288 रुपये के मुकाबले 264 रुपए था.
कर्नाटक में श्रमिकों को अधिसूचित 370 रुपए के मुकाबले 342 रुपये मिले. राजस्थान (281 रुपये के मुकाबले 221 रुपये) और तमिलनाडु (336 रुपये के मुकाबले 268 रुपये) में यह अंतर और भी अधिक था, जबकि तेलंगाना में श्रमिकों को अधिसूचित 307 रुपये के मुकाबले 259 रुपये मिले. ग्रामीण आवास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण को 54,917 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो 69 प्रतिशत की वृद्धि है; हालांकि, अब तक विभिन्न चरणों में लक्षित घरों में से केवल लगभग 70 प्रतिशत ही पूरे हो पाए हैं, जिसमें भूमि की उपलब्धता, पलायन, कोविड-19 के कारण हुई बाधाओं और लाभार्थी स्तर की समस्याओं के कारण देरी हुई है.






