
Lenskart के शेयर 13% उछले
गुरुवार को शेयर बाजार में लेंसकार्ट सॉल्यूशंस (Lenskart Solutions) के शेयरों ने जबरदस्त धूम मचा दी. कंपनी के तिमाही नतीजों के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे किसी चमत्कार से कम नहीं हैं. कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछले साल के मुकाबले करीब 70 गुना बढ़ गया है. कंपनी के रिजल्ट आते ही बीएसई पर लेंसकार्ट का शेयर 13% उछलकर अपने 526 रुपये के स्तर पर पहुंच गया.
मुनाफा 1.85 करोड़ से सीधे 131 करोड़
लेंसकार्ट ने अपनी दूसरी कमाई की घोषणा में जो आंकड़े पेश किए, वे काफी चौंकाने वाले हैं. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा मात्र 1.85 करोड़ रुपये था, जो अब 6,983% की भारी छलांग लगाकर 131.02 करोड़ रुपये हो गया है.
कंपनी की आय (Revenue) में भी 38% की बढ़ोतरी हुई है, जो अब 2,308 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है. खास बात यह है कि यह ग्रोथ सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. जहां भारतीय कारोबार में 40.4% की तेजी देखी गई, वहीं अंतरराष्ट्रीय बिजनेस भी 33% की रफ्तार से बढ़ा है. कंपनी का कहना है कि यह मुनाफा लागत में कटौती (Cost cutting) से नहीं, बल्कि नए ग्राहक जोड़ने और वॉल्यूम बढ़ने से आया है.
कंपनी ने आई-टेस्ट का बनाया नया रिकॉर्ड
लेंसकार्ट की इस सफलता के पीछे सबसे बड़ा हाथ उनके आक्रामक विस्तार का है. सिर्फ इसी तिमाही में कंपनी ने 63 लाख आई-टेस्ट (Eye Tests) किए, जो पिछले साल से 54% ज्यादा हैं. जब ज्यादा लोग आंखों की जांच करवाते हैं, तो चश्मों की बिक्री अपने आप बढ़ती है. आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान 89 लाख चश्मों की बिक्री हुई.
कंपनी ने अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए सिर्फ तीन महीनों में 195 नए स्टोर खोले हैं. इनमें से 169 स्टोर भारत में और 26 विदेश में खोले गए. यह आंकड़ा बताता है कि कंपनी टियर-2 और उससे छोटे शहरों में भी अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. मजे की बात यह है कि इतने नए स्टोर खुलने के बावजूद पुराने स्टोर्स की बिक्री कम नहीं हुई, बल्कि वहां भी ग्रोथ दर्ज की गई है.
क्या अब भी है निवेश का मौका?
इतने शानदार नतीजों के बाद हर निवेशक के मन में यही सवाल है कि क्या अब भी शेयर खरीदने का मौका है? ब्रोकरेज हाउस जेफरीज (Jefferies) ने शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए इसका टार्गेट प्राइस बढ़ाकर 575 रुपये कर दिया है. उनका मानना है कि कंपनी लॉन्ग- टर्म ग्रोथ पर फोकस कर रही है, जिससे मुनाफा अपने आप बढ़ेगा.
जेएम फाइनेंशियल (JM Financial) ने भी 565 रुपये के टार्गेट के साथ खरीदारी की सलाह दी है. उनका कहना है कि आई-टेस्ट की संख्या बढ़ने से बाजार का आकार बड़ा हो रहा है. हालांकि, सिटी (Citi) थोड़ा सतर्क नजर आ रहा है. उन्होंने ‘न्यूट्रल’ रेटिंग देते हुए 520 रुपये का टार्गेट रखा है. उनका मानना है कि शेयर की कीमत में अच्छी ग्रोथ पहले से ही शामिल हो चुकी है, इसलिए अगली तिमाही के नतीजों और करेंसी के उतार-चढ़ाव पर नजर रखनी होगी. लेंसकार्ट के फाउंडर पीयूष बंसल ने साफ कर दिया है कि कंपनी अब ‘कंपाउंडिंग फेज’ में है.
Disclaimer:ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने कासुझावदेताहै.






