Viral

गाजियाबाद में सुसाइड करने वाली तीनों बहनों के आखिरी शब्द, पिता ने बताई आखिरी टास्क वाली बात

गाजियाबाद में सुसाइड करने वाली तीनों बहनों के आखिरी शब्द, पिता ने बताई आखिरी टास्क वाली बात
गाजियाबाद में सुसाइड करने वाली तीनों बहनों के आखिरी शब्द, पिता ने बताई आखिरी टास्क वाली बात

गाजियाबाद। ‘तीनों बच्चियों को हमने कभी पार्क में खेलते हुए नहीं देखा। ना लिफ्ट में कभी दिखती थीं, ना बाकी बच्चों से मिलती-जुलती थीं। घर से बाहर भी नहीं निकलती थीं। हां, पिछले दिनों जब हमने उन्हें नवरात्र में कंजक जिमने के लिए बुलाया था, तब वो आईं थी। बच्चियों का व्यवहार उस समय नॉर्मल था। लेकिन, अब पता चल रहा है कि तीनों बहनों ने खुद को मां-बाप से अलग कर लिया था।’ दिल्ली से सटे गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में भारत सिटी सोसायटी की 9वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान देने वाली तीन बहनों के बारे में बेहद हैरान कर देने वाले ये खुलासे सोसायटी में ही रहने वाली कुछ महिलाओं ने किए हैं।

‘कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं तीनों बहनें’
वहीं, घटना पर गाजियाबाद के एडिशनल कमिश्नर केशव चौधरी ने बताया कि तीनों बहनें कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं। इसके अलावा इन्हें मोबाइल की भी लत थी। परिजनों की तरफ से पिछले कुछ दिनों से इन्हें मोबाइल इस्तेमाल करने से मना किया गया था। ऐसे में प्रतीत हो रहा है कि उसी वजह से इन तीन बहनों ने इतना बड़ा कदम उठाया और 9वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड किया। हाल के दिनों में इनके पास फोन नहीं था। अभी तक की जांच में किसी गेमिंग ऐप या गेम का कनेक्शन सामने नहीं आया है।

सुसाइड नोट में क्या लिखा?
गाजियाबाद पुलिस को तीनों बच्चियों के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। मौके से मिले सुसाइड नोट में बच्चियों ने अपने आखिरी शब्दों में लिखा है, ‘True life story, इस डायरी में जो कुछ भी लिखा है, वो सब पढ़ लो, क्योंकि ये सब सच है। Read Now, I am sorry papa, really sorry.’ पुलिस का कहना है कि फिलहाल हर पहलू पर जांच की जा रही है। जांच के दायरे में मृतक बहनों की टास्क-बेस्ड कोरियाई ऑनलाइन गेमिंग ऐप की लत भी शामिल है।

गाजियाबाद में सुसाइड करने वाली तीनों बहनें कौन थीं?
जिन तीन बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दी, उनके नाम राखी (12 साल), प्राची (14 साल) और निशिका (16 साल) हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार रात लगभग 2 बजे की है। बच्चियों के पिता का नाम चेतन राम है। रात में सोसायटी के चौकीदार और स्थानीय लोगों ने जब एक साथ तीन बहनों के नीचे कूदने का शोर सुना तो पुलिस को खबर दी गई।

‘गेम में 50 टास्क थे, कल वाला अंतिम था’
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चियों के पिता चेतन राम ने बताया ‘हमें कोई अंदाजा ही नहीं था कि मेरी बेटियों को इतने खतरनाक ऑनलाइन गेमिंग ऐप की लत है। वे एक कोरियन गेम खेलती थीं। गेम में कुल 50 टास्क थे और कल उनका इस ऐप पर आखिरी टास्क था। तीनों ने कभी किसी से कुछ नहीं बताया, हम जान ही नहीं पाए कि उनकी जिंदगी में क्या चल रहा है।’

तीनों बच्चियों ने कैसे पूरा किया आखिरी टास्क?
रिपोर्ट का कहना है कि तीनों बहनों ने फ्लैट की खिड़की से कूदकर अपनी जान दी। इस खिड़की से कूदने के लिए उन्होंने एक छोटी, दो कदम चढ़ने वाली सीढ़ी का इस्तेमाल किया। पुलिस को यह भी शक है कि इस फाइनल टास्क के लिए निर्देश पर उस गेमिंग ऐप की तरफ से दिए गए थे। जांच के दौरान एक और अहम बात निकलकर सामने आई। दरअसल, मामले में शक है कि इस फाइनल टास्क के लिए बीच वाली बहन यानी प्राची ने एक टीम लीडर के तौर पर भूमिका निभाई। हालांकि, जांच अभी जारी है।

बच्चियों के बारे में पड़ोसियों ने क्या बताया?
सोसायटी में रहने वाली महिलाओं ने बताया कि बच्चियों का बर्ताव सामान्य था। जब कंजक जिमने आईं थी तो उनके व्यवहार में कुछ भी अजीब नहीं लगा। आसपास के लोगों का कहना है कि कोरोना काल में आर्थिक दिक्कतों की वजह से बच्चियों का स्कूल जाना बंद हो गया था। इसके बाद से ही ये बच्चियां खुद को अलग-थलग रखती थीं। ना सोसायटी के पार्क में आना, ना बच्चों संग खेलना, ना किसी से मिलना-जुलना। कभी इन्हें किसी ने लिफ्ट में भी नहीं देखा।

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey