
नेशनल डेस्क।
यूट्यूब पर कमाई के लिए लोग आमतौर पर भारी एडिटिंग, अलग-अलग लोकेशन और कैमरा एंगल का सहारा लेते हैं। लेकिन हाल ही में सामने आई एक खबर ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है। यहां एक ऐसा वीडियो चर्चा में है, जिसमें न कोई इंसान दिखाई देता है, न कहानी है और न ही कैमरे की कोई मूवमेंट। इसके बावजूद इस वीडियो से करोड़ों रुपये की कमाई होने की बात कही जा रही है।
क्या है वीडियो में खास
यह वीडियो करीब 9 साल पहले यूट्यूब पर अपलोड किया गया था। वीडियो में घर के अंदर बनी चिमनी में जलती लकड़ियों को एक ही जगह से रिकॉर्ड किया गया है। आग की लपटें, लकड़ियों के चटकने की आवाज और साफ HD क्वालिटी इस वीडियो को बेहद सुकून देने वाला बनाती है।
वीडियो करीब 10 घंटे लंबा है। लोग इसे बैकग्राउंड में चलाकर पढ़ाई, काम, रिलैक्स करने या सोते समय इस्तेमाल करते हैं।
कितने व्यूज और सब्सक्राइबर
‘Fireplace 10 Hours’ नाम के चैनल पर अपलोड इस वीडियो को अब तक करीब 15.7 करोड़ बार देखा जा चुका है। चैनल के करीब 1.17 लाख सब्सक्राइबर हैं। हैरानी की बात यह है कि चैनल पर कंटेंट बहुत सीमित है, लेकिन एक वीडियो ने ही इसे पहचान दिला दी।
कमाई को लेकर क्या दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एक वीडियो से करीब 1.24 मिलियन डॉलर यानी लगभग 10 करोड़ रुपये की कमाई होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि वीडियो मोनेटाइज नहीं था, इसलिए असली कमाई को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
लोग ऐसे वीडियो क्यों देखते हैं
आग, बारिश, हवा या समुद्र की आवाज जैसे वीडियो लोगों को मानसिक शांति देते हैं। इन्हें लोग लंबे समय तक बिना स्किप किए चलाते हैं, जिससे वॉच टाइम काफी बढ़ जाता है। यही वजह है कि ऐसे सुकून देने वाले वीडियो यूट्यूब पर लगातार वायरल होते रहते हैं।
यह मामला उन क्रिएटर्स के लिए एक बड़ा सबक है, जो मानते हैं कि यूट्यूब पर सफल होने के लिए महंगा सेटअप और भारी एडिटिंग जरूरी है।






