Saturday, March 28, 2026
Viral

JDU में बड़े बदलाव के संकेत! रोज-रोज पार्टी दफ्तर क्यों पहुंच रहे निशांत कुमार? सामने आई ये जानकारी


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत इन दिनों रोज पार्टी दफ्तर पहुंच रहे हैं. आज शुक्रवार (27 मार्च, 2026) को भी वे पहुंचे. इस दौरान उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी रहे. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और एमएलसी संजय गांधी भी रहे. जेडीयू में शामिल होने के बाद से निशांत लगातार ऐक्शन मोड में हैं. सवाल है कि हर दिन निशांत जेडीयू कार्यालय क्यों पहुंच रहे हैं?

पार्टी दफ्तर में हुई बैठक के बाद जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने काफी कुछ बताया. उन्होंने मीडिया से निशांत कुमार को लेकर कहा, “पार्टी की गतिविधि जानने के लिए, समझने के लिए, लगातार पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं से संवाद करने के लिए पार्टी कार्यालय में निशांत कुमार जी आ रहे हैं. लगातार बैठक कर रहे हैं.”

निशांत ले रहे हैं फीडबैक
उमेश कुशवाहा ने आगे कहा, “इसी क्रम में आज (शुक्रवार) उन्होंने (निशांत) तिरहुत प्रमंडल के सभी जिलाध्यक्ष और प्रखंड अध्यक्ष से उन्होंने सीधा संवाद किया है. पार्टी को सशक्त बनाने के लिए, पार्टी को और धारदार बनाने के लिए, पार्टी के लिए भी जरूरी है, उसके बारे में उन्होंने फीडबैक लिया है. उस पर विस्तार से चर्चा हुई है.”

बता दें कि इससे पहले निशांत ने 25 मार्च को सारण प्रमंडल से जुड़े पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की थी. दूसरी ओर वे लगातार पार्टी के बड़े नेताओं से मिल रहे हैं. बीते गुरुवार को उन्होंने अपने एक्स हैंडल से जानकारी दी थी कि उन्होंने विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव से और मंत्री बिजेंद्र यादव से मुलाकात की है. इस अवसर पर बिहार के विकास एवं समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई.

निशांत के ऐक्शन से उठ रहे सवाल
निशांत कुमार के इस तरह के ऐक्शन मोड से सवाल उठ रहा है कि क्या अब पार्टी की कमान पूरी तरह से निशांत के हाथों में है? क्या फीडबैक लेकर पार्टी में निशांत कोई बड़े बदलाव की तैयारी में हैं? ऐसे सवालों का जवाब भविष्य में पता चलेगा.

उधर संजय झा ने आज (शुक्रवार) की बैठक को लेकर अपने एक्स हैंडल से कुछ तस्वीरें शेयर की हैं. उन्होंने लिखा, “आज तिरहुत प्रमंडल 1 एवं 2 क्षेत्रांतर्गत जनता दल (यू) के सभी जिलाध्यक्षों के साथ आयोजित संगठनात्मक बैठक में उपस्थित रहा. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश कुशवाहा एवं श्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे. आज ही मेरे द्वारा श्री निशांत कुमार को जनता दल (यू) के क्रियाशील सदस्य के रूप में सदस्यता दिलाई गई.”

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply