
घटनास्थल पर मौजूद लोग.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में रिटायर्ड दारोगा और उनकी पत्नी के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले. जैसे ही बात फैली, मौके पर आस-पड़ोस के कई लोग भी आ पहुंचे. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. फिर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया. मामले का खुलासा तब हुआ जब उनकी नौकरानी घर में दाखिल हुई. उसी ने दोनों के शवों को देखा. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, गंगानगर थाना क्षेत्र के रक्षापुरम में रिटायर्ड दरोगा लल्लू सिंह अपनी पत्नी के साथ रहते थे. बुधवार सुबह दोनों के शव घर के पंखे पर लटके मिले. बुधवार सुबह नौकरानी के घर पहुंचने पर पता चला कि दोनों लोगों ने फांसी लगा ली है. प्रथम दृष्टया पुलिस इसको आत्महत्या मान कर चल रही है.
रेखा नामक महिला उनके घर काम करती थी. रेखा ने बताया- सुबह के वक्त जब मैं काम करने पहुंची तो उसने दोनों को फंदे से लटका देखा. रेखा ने बताया- हर रोज की तरह वह घर में सफाई करने आई थी. घर के सभी दरवाजे खुले हुए थे, जैसे ही वह सफाई करने घर के अंदर घुसी तो देखा पंखे पर दोनों के शव लटके हुए थे.
यह मंजर देख उसकी चीख निकल गई. फिर उसने आसपास के लोगों को बताया. पड़ोस में रहने वाले विनय ने थाना पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल कर दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
दोनों बच्चों से की जा रही पूछताछ
थाना प्रभारी अनूप सिंह का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है. बताया जा रहा है मृतक दंपति के दो बच्चे हैं. एक बेटा है संदीप, जो कि एयरफोर्स से रिटायर्ड है. दूसरी बेटी है जो ससुराल में रहती है. संदीप गंगानगर के गंगाधाम कॉलोनी में रहता है. पुलिस का कहना है कि दोनों बच्चे भी दंपति मिलने अक्सर आते रहते थे. फिलहाल पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है.






