
नई दिल्ली: पैसा हम सभी के जीवन में खास महत्व रखता है। हर इंसान धन कमाने के लिए मेहनत करता है। पैसे पेड़ पर नहीं उगते, आपने यह बात तो सुनी ही होगी। ऐसा भी संभव है कि आपने खुद यह लाइन किसी दूसरे व्यक्ति से बोली हो। मगर, क्या होगा जब आपको पता चले कि पेड़ हिलाने पर सच में पैसे गिरने लगे हों। जी हां, सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो क्लिप देखकर लोग हैरान हो जाते हैं। हालांकि, जैसे ही उन्हें इसकी सच्चाई पता चलती है तो फिर उनकी हंसी ही नहीं रुकती।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़का अपने पैर से पेड़ को हिट करता है। जैसे ही वह अपने पैर से पेड़ को मारता है वैसे ही ऊपर से नोट गिरने लगते हैं। वह व्यक्ति नीचे गिरे नोट को बटोरने में जुट जाता है। यह पेड़ सड़क के किनारे स्थित है। ऐसे में पेड़ को पैर मारने वाले लड़के की हरकतें दूसरे लोग भी देख रहे हैं। यह लड़का दोबारा अपने पैर से पेड़ को हिट करता है और फिर से पैसे नीचे गिरने लगते हैं। वह लड़का इन नोटों को भी इकट्टा करने में जुट जाता है। इसके बाद वह पैसे लेकर वहां से आगे चला जाता है।
नोटों की जगह पेड़ से बरसने लगा पानी
पेड़ पर पैर मारने वाले शख्स को सड़क के किनारे खड़ा एक लड़का बड़े ध्यान से देख रहा होता है। उसे भी यह आइडिया आता है कि वह भी पेड़ को हिलाकर पैसे बटोर सकता है। वह लड़का पेड़ के पास आता है और अपने दोनों हाथों से उसे हिलाने लगता है। हालांकि, तभी उसके ऊपर नोटों की जगह पानी गिरने लगता है। वह लड़का गुस्से में पेड़ के ऊपर देखता है तो हैरान रह जाता है। उसे पता चलता है कि पेड़ के ऊपर तो कोई तीसरा व्यक्ति बैठा हुआ है जो इस प्रैंक का हिस्सा है। पानी से भीगने वाले लड़के की यह हालत देखकर पास खड़ा एक बुजुर्ग व्यक्ति हंसने लगता है।