
मध्यप्रदेश। “मैं कांग्रेस में होते हुए… संघ से जुड़ा हूं। संघ का काम किया है और करता हूं।” यह बात सुसनेर कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार (बापू), ने एक कार्यक्रम के दौरान कही है। संघ के लिए काम करने की बात कहते हुए उन्होंने कई दावे भी किए। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार अखिल भारतीय राजपूत महासभा के कार्यक्रम में गए थे। यहां उन्होंने खुले मंच से कहा – “आप सब यहां बैठे हो। आप सब यह जानते हो कि, मैं कांग्रेस में होते हुए भी संघ से जुड़ा रहा। मैं आपका सम्मान करता हूं। कांग्रेसी होते हुए भी इतने पदाधिकारियों को मैं जानता हूं और संघ के लिए मैंने इतना काम किया है अभी दो साल पहले एक कॉम्प्रोमाइज करवाया था। जब दारा सिंह जी आए थे मुख्यमंत्री से…गठोर के विधायक को उठाने आई थी पुलिस…तो संघ के लिए मैं भी काम करता हूं वो भी कांग्रेसी होते हुए लेकिन बापड़ा गिनती के कांग्रेस हैं मी अगर संगठन में आई जावा तो वा तो इनकी…मंडल अध्यक्ष बोलेगा कौन आया ये।”
संघ के लिए काम करने का दावा एक कांग्रेस विधायक द्वारा किया जाना इसलिए चर्चा का विषय बना है क्योंकि, कांग्रेस आलाकमान अक्सर संघ की आलोचना करते नजर आता है। यह बयान भी ऐसे समय में सामने आया है जब कांग्रेस लंगड़े घोड़ों और रेस के घोड़ों की तर्ज पर अपने नेताओं की पहचान कर रही है। कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि, पार्टी में रहकर पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले नेताओं को अलग किया जाएगा।
ऐसे में कांग्रेस विधायक के इस दावे पर मध्यप्रदेश कांग्रेस किस तरह प्रतिक्रया देगी यह देखने वाला होगा। फिलहाल उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।