CrimeViral

अवैध संबंध में, बाधा बना पति, पत्नी ने प्रेमी संग मिल कर दी हत्या…

अवैध संबंध में, बाधा बना पति, पत्नी ने प्रेमी संग मिल कर दी हत्या…
अवैध संबंध में, बाधा बना पति, पत्नी ने प्रेमी संग मिल कर दी हत्या…

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। अवैध संबंध में बाधक बन रहे पति की हत्या पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अज्ञात शव मिलने से शुरू हुई जांच
8 जनवरी को खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के अगवाल कट के पास एक खाली प्लॉट में एक अज्ञात शव मिलने से हड़कंप मच गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसकी पहचान के लिए व्यापक प्रयास शुरू किए।

बुलंदशहर सहित आसपास के जिलों गौतमबुद्धनगर, हापुड़, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, दिल्ली और हरियाणा में करीब 2,000 पर्चे वितरित किए गए। इसके साथ ही सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और गुमशुदगी के मामलों की जांच की गई।

मृतक की पहचान
पुलिस की मेहनत रंग लाई और अज्ञात शव की पहचान नीरज के रूप में हुई, जो पुरानी दिल्ली के कौशिक बिल्डिंग, पुरानी कौडली, थाना न्यू अशोक नगर का निवासी था। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर खुर्जा नगर थाने में मामला दर्ज किया गया।

पत्नी और प्रेमी के अवैध संबंधों का खुलासा
पूछताछ में नीरज की पत्नी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि नीरज शराब का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। करीब 10-12 साल पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती पिंटू नाम के युवक से हुई, जो बाद में प्रेम-प्रसंग में बदल गई।

पत्नी के कहने पर पिंटू ने नीरज से दोस्ती कर ली और शराब पिलाने व काम दिलाने के बहाने उसके करीब आ गया। नीरज की बढ़ती शराबखोरी, मारपीट और गहने बेचने की आदत से परेशान होकर पत्नी और पिंटू ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

गला घोंटकर की हत्या
7 जनवरी को पिंटू ने नीरज को आनंद विहार, दिल्ली से बुलंदशहर बस से लाया। इसके बाद ऑटो से खुर्जा पहुंचकर अगवाल कट के पास एक खाली प्लॉट में ले गया। वहां पिंटू ने गमछे से नीरज का गला दबाया और ईंट से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गुमशुदगी दर्ज कराई
हत्या के बाद पत्नी ने 12 जनवरी को थाना अशोक नगर, दिल्ली में नीरज की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस की सख्ती से पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया।

दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी पिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा और ईंट भी बरामद कर ली गई है।

एसपी सिटी का बयान
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि अज्ञात शव की गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि पत्नी और प्रेमी ने मिलकर हत्या की थी। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Jack
the authorJack
Hello friends, Welcome you all to my website. I am the founder of www.khabarmonkey.com. I am SEO/SMO Expert, Digital Marketing, Content Writer and Site Developer