Healthy Vegetable Soup: बड़ी तेजी से इन दिनों मौसम बदल रहा है। ऐसे में सेहत का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी है। कभी धूप तो कभी बारिश और कभी ठंडी हवाएं चलती हैं, जिसकी वजह से शरीर को तापमान में होने वाले बदलाव के साथ तालमेल बैठाने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में सर्दी, खांसी, गले में खराश और नाक बहने जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। इसलिए खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी है। अगर आप सर्दीखांसी के दौरान गले को आराम देना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में गर्म और पौष्टिक सूप शामिल कर सकते हैं। घर पर आसानी से सब्जियों और मसालों से हेल्दी सूप बनाकर पी सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर कैसे बनाएं सूप?

सूप पीने से क्या होगा?
कमजोर इम्यूनिटी और साफसफाई का ध्यान न रखने से भी संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में पर्याप्त पानी पीना, पौष्टिक भोजन करना और आराम करना जरूरी है। गर्म सूप जैसे खाद्य पदार्थ गले को आराम देने और शरीर में तरल पदार्थों की कमी पूरी करने में मदद कर सकते हैं।
सूप बनाने के लिए किन चीजों की जरुरत?
सर्दीखांसी के दौरान पौष्टिक सूप तैयार करने के लिए आपको बाजार से महंगी चीजें खरीदने की जरूरत नहीं है। आपकी रसोई में मौजूद अदरक, लहसुन, काली मिर्च, तुलसी और बारीक कटी हुई गाजर और बीन्स, एक चम्मच अदरकलहसुन का पेस्ट, चुटकी भर काली मिर्च पाउडर, एक चम्मच देसी घी, दो कप पानी, स्वादानुसार नमक, आधे नींबू का रस से स्वादिष्ट सूप बनाया जा सकता है।
इन चीजों में मौजूद पोषक तत्व शरीर को जरूरी पोषण देते हैं। गर्म सूप पीने से गले की खराश और बंद नाक में कुछ समय के लिए आराम भी मिल सकता है।
घर पर कैसे बनाएं हेल्दी वेजिटेबल सूप?
सूप बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में एक चम्मच देसी घी गर्म करें। अब इसमें अदरकलहसुन का पेस्ट डालकर हल्का भून लें। इसके बाद कटी हुई गाजर, बीन्स और अपनी पसंद की अन्य सब्जियां डालकर करीब दो मिनट तक पकाएं। अब इसमें दो कप पानी डालें और उबाल आने दें।
सब्जियां थोड़ी नरम होने पर इसमें नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं। सब्जियां अच्छी तरह पकने के बाद गैस बंद कर दें। आखिर में सूप में नींबू का रस मिलाएं। इस तरह आपका गर्मागर्म और पौष्टिक वेजिटेबल सूप तैयार हो जाएगा। इसे गर्म रहते हुए पी सकते हैं।
सर्दीखांसी में कितना फायदेमंद है यह सूप?
इस सूप में इस्तेमाल होने वाली सभी चीजें अपने पोषक तत्वों के कारण डाइट का अच्छा हिस्सा बन सकती हैं।
1. अदरक में मौजूद तत्व गले को आराम पहुंचाने में मदद कर सकते हैं। गर्म सूप में इसका इस्तेमाल स्वाद भी बढ़ाता है।
2. लहसुन में सल्फर युक्त यौगिक पाए जाते हैं। इसे संतुलित मात्रा में खाने से डाइट में पोषक तत्व शामिल होते हैं।
3. काली मिर्च सूप का स्वाद बढ़ाती है। इसकी हल्की गर्माहट गले को कुछ समय के लिए आराम दे सकती है।
4. नींबू विटामिन C का अच्छा स्रोत है, जो शरीर की सामान्य प्रतिरक्षा प्रणाली के कामकाज में मदद करता है।
5. गाजर और बीन्स जैसी सब्जियों में फाइबर, विटामिन और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को पोषण देते हैं।
नोट: इस लेख में दी गई जानकारियां सामान्य सूचनाओं पर आधारित है। बंसल न्यूज इसकी पुष्टि नहीं करता। अमल में लाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लें।