उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां घर से बुलाकर ले गए दोस्तों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस ने मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश में युवक की हत्या की गई है.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण निषाद (22) के रूप में हुई है, जो कि चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनुहिया गांव का रहने वाला था. मृतक के परिजन ने बताया कि रविवार शाम 4 बजे विशाल और देवेंद्र नाम के युवक अरुण को क्रिकेट खेलने के बहाने घर से ले गए थे. बाद में ग्राउंड में ले जाकर विशाल और देवेन्द्र सहित अन्य 5 से छह लोगों ने एक साथ मिलकर अरुण की गोली मारकर हत्या कर दी.
गोली मारकर युवक की हत्या
गोली की आवाज सुन मौके पर पहुंचे गांव वालों ने अरुण को लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ देखा. उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अरुण को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद गुस्साई भीड़ ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के सामने गोरखपुर-महाराजगंज रोड को जाम कर दिया. करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों का समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया है.
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर दो नामजद सहित 8 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है.






