प्रेमिका ने इस्लाम और निकाह नहीं किया कबूल, प्रेमी ने घर में घुसकर काट दिया गला

प्रेमिका ने इस्लाम और निकाह नहीं किया कबूल, प्रेमी ने घर में घुसकर काट दिया गला
Girlfriend did not accept Islam and marriage, boyfriend entered her house and slit her throat

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नेपानगर थाना क्षेत्र के नावारा गांव में 35 साल की एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि घटना को एक मुस्लिम शख्स ने इसलिए अंजाम दिया क्योंकि लड़की ने इस्लाम कबूल करने और शादी से इनकार कर दिया था।

घटना शुक्रवार रात की है। आरोप है कि शेख रईस (42) ने पीड़िता भाग्यश्री नामदेव धानुक के घर में घुसकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। उसने चाकू से भाग्यश्री पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

भाग्यश्री की बहन सुभद्रा ने कहा कि शेख लंबे समय से भाग्यश्री पर दबाव बना रहा था। आरोपी उस पर इस्लाम कबूल करने और उसके साथ निकाह करने का दबाव बनाता था। वह इससे इनकार करती थी तो वह मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जान-पहचान थी। लेकिन शेख रईस एकतरफा प्यार करने लगा था। वह भाग्यश्री से निकाह करना चाहता था और इसके लिए उसे पहले इस्लाम कबूल करना चाहता था।

एसीपी बुरहानपुर अंतर सिंह कानेश के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या और अत्याचार के आरोप में कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद से हिंदू संगठनों में आक्रोश है। हिंदू संगठनों ने इसे ‘लव जिहाद’ का खौफनाक मामला बताते हुए प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने लापरवाही की। दावा किया कि भाग्यश्री ने 3-4 दिन पहले शिकायत की थी, लेकिन आरोपी को छोड़ दिया गया था। पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने पीड़िता के घर जाकर सांत्वना दी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त ऐक्शन की मांग की।

नेपानगर की विधायक मंजू दादू ने भी पीड़िता के घर जाकर सांत्वना दी और कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से बात करके उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी है। विधायक के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई का भरोसा दिया है। इस मामले में अभी तक दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *