
अमरोहा। आदमपुर क्षेत्र में विवाहिता रीना की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पति समेत पांच पर दहेज हत्या का केस दर्ज हुआ है। पति निगम ने भाइयों के साथ मिलकर शव को गंगा में बहा दिया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर शव की तलाश शुरू कर दी है।
विवाहिता की हत्या कर शव को गंगा नदी में बहाने का मामला सामने आया है। मायके वालों की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से दुपट्टा बरामद किया गया। पुलिस शव की खोजबीन में जुटी है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव कोकापुर निवासी रीना(21) की शादी करीब दस माह पहले रहरा थाना क्षेत्र के गांव वंशीवाला मेहरपुर निवासी निगम के साथ हुई थी। रीना 20 अगस्त को अचानक गायब हो गई थी। उसकी खोजबीन की जा रही थी। पति ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी थी।
इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि जब पुलिस ने खोजबीन शुरू की गई तो कुछ लोगों ने विवाहिता के पति पर ही हत्या का शक जताया था। रीना मां कौशल्या की तहरीर पर पति निगम, सास, ससुर सुरेश, जेठ महकार और तहेरे भाई बिजेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया।
सीओ ने बताया कि आरोपी पति निगम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि 20 अगस्त की रात को वह घर पर मुर्गा बनाने के लिए लेकर आया था लेकिन वह इससे परहेज करती थी। उसके मना करने पर भी घर में मुर्गा बनाया। इसके बाद रीना ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए निगम ने सगे भाई महकार और तहेरे भाई बिजेंद्र के साथ मिलकर विवाहिता के शव को कपड़े में बांधकर गंगा में बहा दिया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की खोजबीन की लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी शव नहीं मिल सका। सीओ ने बताया कि आरोपी निगम, महकार और बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। शव की खोजबीन की जा रही है।