Health

खाना कम खा रहे हैं, फिर भी रोज हो रही है एसिडिटी? जानें कारण

खाना कम खा रहे हैं, फिर भी रोज हो रही है एसिडिटी? जानें कारण
खाना कम खा रहे हैं, फिर भी रोज हो रही है एसिडिटी? जानें कारण

एसिडिटी की समस्‍याImage Credit source: Getty Images

कई लोगों को अक्सर एसिडिटी, गैस और सीने में जलन की समस्या बनी रहती है. आमतौर पर इसे ज्यादा मिर्च-मसाले या ओवरईटिंग से जोड़ दिया जाता है, लेकिन हर बार वजह यही नहीं होती. कुछ मामलों में इसके पीछे ‘लो स्टमक एसिड’ भी एक कारण हो सकता है. लो स्टमक एसिड का अर्थ है पेट में बनने वाले हाइड्रोक्लोरिक एसिड की मात्रा का सामान्य से कम हो जाना. यह एसिड भोजन को तोड़ने, प्रोटीन पचाने और जरूरी पोषक तत्वों को एब्जॉर्ब करने में मदद करता है.

उम्र बढ़ने, लंबे समय तक एंटासिड दवाओं के सेवन, अत्यधिक तनाव, पोषण की कमी, जिंक या विटामिन बी12 की कमी और अनियमित खानपान जैसी स्थितियों में पेट का एसिड स्तर कम हो सकता है. जब पेट में एसिड पर्याप्त मात्रा में नहीं बनता, तो पाचन प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है और शरीर को जरूरी पोषण मिलने में भी दिक्कत आ सकती है. यह स्थिति धीरे-धीरे कई पाचन संबंधी लक्षणों को जन्म दे सकती है. आइए इस बारे में जानते हैं.

लो स्टमक एसिड के कारण एसिडिटी क्यों होती है?

आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि बताते हैं कि जब पेट में एसिड की मात्रा कम हो जाती है, तो भोजन सही तरह से टूट और पच नहीं पाता. अधपचा भोजन पेट में अधिक समय तक ठहर सकता है, जिससे गैस बनने लगती है और पेट में दबाव बढ़ता है. इस दबाव की वजह से पेट का खाना और एसिड ऊपर गले की नली की तरफ आने लगता है. यही स्थिति सीने में जलन, खट्टी डकार और गले में जलन जैसी समस्याएं पैदा कर सकती है.

कई बार व्यक्ति को लगता है कि उसके पेट में बहुत ज्यादा एसिड बन रहा है, जबकि एसिड की कमी के कारण पाचन बाधित हो रहा होता है. लंबे समय तक यह समस्या बनी रहने पर पेट में असहजता, भारीपन और बार-बार डकार आना भी आम हो जाता है. इसलिए लक्षणों को समझकर सही कारण की पहचान करना जरूरी होता है, ताकि बार-बार दवा लेने के बजाय सही समाधान मिल सके.

ये कारण भी हो सकते हैं जिम्मेदार

एसिडिटी के पीछे सिर्फ लो स्टमक एसिड ही जिम्मेदार नहीं होता. अनियमित समय पर खाना, बहुत ज्यादा चाय-कॉफी या कार्बोनेटेड ड्रिंक का सेवन, तला-भुना और प्रोसेस्ड फूड, देर रात तक जागना और लगातार तनाव भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं.

लंबे समय तक खाली पेट रहना या अचानक बहुत ज्यादा खाना भी पेट पर असर डालता है. धूम्रपान और शराब का सेवन पाचन तंत्र को कमजोर कर सकता है. कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट और हॉर्मोनल बदलाव भी एसिडिटी की शिकायत बढ़ा सकते हैं.

कैसे करें बचाव

एसिडिटी से बचाव के लिए नियमित और संतुलित डाइट लेना जरूरी है. एक साथ ज्यादा खाने के बजाय कम मात्रा में कई बार भोजन करें. तला-भुना और अत्यधिक मसालेदार खाना सीमित रखें. खाने के तुरंत बाद लेटने से बचें और कम से कम 30 मिनट टहलें.

पर्याप्त पानी पिएं और तनाव कम करने के लिए योग या ध्यान अपनाएं. बार-बार समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेकर जांच कराएं.

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey

Leave a Reply