Politics

हत्या और हादसों से दहली दिल्ली, सरकार खामोश… AAP नेताओं का BJP सरकार पर निशाना

हत्या और हादसों से दहली दिल्ली, सरकार खामोश… AAP नेताओं का BJP सरकार पर निशाना
हत्या और हादसों से दहली दिल्ली, सरकार खामोश... AAP नेताओं का BJP सरकार पर निशाना

आप नेता सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी ने राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते हत्याकांड और नालों-गड्ढों में गिरकर होने वाली मौतों पर गहरी चिंता जताई है. आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार बताया और कहा कि भाजपा ने सिर्फ 1 साल में ही पूरी दिल्ली का सत्यानाश कर दिया है. इन्हें जनता की जान की भी कोई परवाह नहीं है. आख़िर और कितनी जानें लेकर ये लापरवाह सरकार होश में आएगी?

उधर दिल्ली में बढ़ती हत्या और हादसे की घटनाओं पर आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में नदी-नालों के एक स्वघोषित विशेषज्ञ उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना हैं और उन्हीं का विभाग दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) है. दिल्ली में सिर्फ यही नहीं, बल्कि पता नहीं कहां-कहां दिल्ली सरकार और डीडीए के नाले खुले हुए हैं और उनमें गिरकर लोगों की मृत्यु हो रही है.

आप का एलजी पर भी निशाना साधा

सौरभ भारद्वाज ने इसी के साथ एलजी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि एक समय था जब वो स्वयं को लोकल गार्जियन कहते थे. वे अफसरों की पूरी फौज लेकर तत्कालीन आप सरकार की कमियां निकालते थे. अब वे एक साल से गायब हैं और सरकार को चिट्ठी भी नहीं लिख रहे हैं, क्योंकि अब भाजपा की चार इंजन वाली सरकार की पोल सबके सामने खुल गई है.

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज से दो साल पहले जब पूर्वी दिल्ली में डीडीए के नाले में कोई युवक गिरा था, तो तुरंत कह दिया गया था कि यह हमारा नहीं है, यह तो एमसीडी का है. वे दूसरों पर दोष मढ़ने के लिए सबसे आगे रहते थे. मगर आज दिल्ली में एमसीडी, डीडीए, दिल्ली सरकार, उपराज्यपाल और केंद्र सरकार सब भाजपा के अधीन हैं.

भाजपा सरकार के दौर में गड्ढा बढ़ा-आप

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज अगर कहीं गड्ढा है तो वह भाजपा का है, कहीं नाला खुला है तो वह भाजपा का है और कहीं इमारत गिर रही है तो वह भाजपा की जिम्मेदारी है. कहीं स्कूल से निकलते हुए 14 साल के बच्चे की हत्या हो रही है, तो वह भाजपा की जिम्मेदारी है.

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सब चुप हैं और ऐसा लग रहा है जैसे यह सब किसी और दिल्ली में हो रहा है. ये लोग किसी दूसरी दिल्ली में घूम रहे हैं, जहां भजन हो रहे हैं, फीते काटे जा रहे हैं, नाच-गाना हो रहा है और छोले-भटूरे खाए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री की एक अलग ही दिल्ली है.

सीएम रेखा गुप्ता पर भी साधा निशाना

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में दो दिल्ली हैं. एक दिल्ली लोगों की है और दूसरी दिल्ली है सीएम रेखा गुप्ता की है. एक दिल्ली में 24 घंटे में 6 लोगों की हत्या हो रही है, नाले में और गड्ढे में गिर कर घर के चिराग बुझ रहे हैं . दूसरी दिल्ली में सीएम नाच-गा रही है, फीते काट रही है, छोले भटूरे खा रही है . क्या अपने बेटे के साथ ऐसा हो तो माँ ये कर सकती है.

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey

Leave a Reply