PoliticsViral

सीएम योगी ने अपर्णा यादव को किया तलब, केजीएमयू में हुई घटना पर मुख्यमंत्री गंभीर

सीएम योगी ने अपर्णा यादव को किया तलब, केजीएमयू में हुई घटना पर मुख्यमंत्री गंभीर
सीएम योगी ने अपर्णा यादव को किया तलब, केजीएमयू में हुई घटना पर मुख्यमंत्री गंभीर

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में हुई हालिया घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। मेडिकल यूनिवर्सिटी परिसर में हंगामा और अराजकता फैलाने के मामले में मुख्यमंत्री ने राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव को तलब किया है।

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपर्णा यादव से केजीएमयू में हुई पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान को भी मुख्यमंत्री ने बुलाया और उनसे भी मामले को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बताया जा रहा है कि बातचीत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपर्णा यादव के खिलाफ चौक कोतवाली में तहरीर दी है।

दरअसल, शुक्रवार को केजीएमयू के ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग और कथित धर्मांतरण से जुड़े मामले को लेकर परिसर में जमकर हंगामा हुआ था। इस दौरान हिंदूवादी संगठनों और कुछ उपद्रवियों ने करीब तीन घंटे तक केजीएमयू में बवाल किया।

कुलपति कार्यालय पर कब्जे का आरोप

अपर्णा यादव के साथ पहुंचे लोगों ने कुलपति कार्यालय पर कब्जा कर लिया। इस दौरान प्रतिकुलपति डॉ. अपजीत कौर और विशाखा कमेटी की चेयरमैन डॉ. मोनिका कोहली कार्यालय में मौजूद थीं। हालात बिगड़ते देख कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद पीछे के गेट से निकल गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामा कर रहे लोगों ने कुलपति चैंबर के बाहर मौजूद कर्मचारियों को खदेड़ दिया। करीब तीन घंटे तक विश्वविद्यालय प्रशासन स्थिति को संभालने की कोशिश करता रहा, लेकिन हंगामा थम नहीं पाया।

राज्य महिला आयोग से जुड़े थे दो मामले

राज्य महिला आयोग में केजीएमयू से जुड़े दो मामले विचाराधीन हैं। पहला ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग से जुड़ा है, जबकि दूसरा पैथोलॉजी विभाग में रेजिडेंट के यौन शोषण और कथित धर्मांतरण प्रयास से संबंधित है। इन्हीं मामलों की सुनवाई के लिए दो डॉक्टरों को बुलाया गया था।

सुनवाई के बाद अपर्णा यादव की प्रेसवार्ता प्रस्तावित थी, लेकिन अचानक इसका स्थान राज्य महिला आयोग कार्यालय के बजाय केजीएमयू परिसर कर दिया गया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे से केजीएमयू में भीड़ जुटने लगी और स्थिति बेकाबू हो गई।

छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया

हंगामे के दौरान कुलपति कार्यालय में मेडिकल छात्रों की क्लास चल रही थी। हालात को देखते हुए प्रशासन ने छात्रों को गोपनीय रास्तों से सुरक्षित बाहर निकाला। कई छात्र और कर्मचारी दहशत में आ गए थे।

केजीएमयू प्रशासन ने हंगामा, तोड़फोड़ और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में चौक कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।