Chia Vs Sabja Seeds: आजकल कई लोग फिटनेस पर ध्यान रहे हैं. ऐसे में वो अपनी डाइट में हेल्दी चीजों को एड कर रहे हैं, जिसमें चिया सीड्स और सब्जा सीड्स भी शामिल है. ये दोनों छोटे दिखने वाले बीज हैं, जो पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और शरीर को कई तरह से फायदे पहुंचाते हैं. सबसे खास बात ये दोनों दिखने में एक जैसे लगते हैं. लेकिन इनके गुण और इस्तेमाल के तरीके से लेकर कई चीजों में काफी अंतर देखने को मिलता है. हालांकि, कुछ लोग इन अंतर को पहचान नहीं पाते हैं और अपने लिए गलत बीज चुन लेते हैं.

ऐसे में दोनों के बीच अंतर जानना बेहद जरूरी है. अगर आप भी दोनों बीजों को लेकर कंफ्यूज रहते हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए है. चलिए यहां एक्सपर्ट से जानते हैं कि चिया सीड्स और सब्जा सीड्स में 5 बड़े अंतर क्या है. साथ ही आपके लिए कौन सा बीज ज्यादा फायदेमंद रहेगा.
दिखने में अंतर (Appearance)
सब्जा और चिया सीड्स पहली नजर में एक जैसे लग सकते हैं, लेकिन ध्यान से देखने पर फर्क साफ नजर आता है. सब्जा सीड्स पूरी तरह काले रंग के होते हैं, जबकि चिया सीड्स ग्रे रंग के होते हैं जिनमें काले और सफेद धब्बे दिखाई देते हैं.
तासीर में अंतर (Seasonal Nature)
सब्जा सीड्स की तासीर ठंडी होती है. इसलिए इन्हें खासतौर पर गर्मियों में खाने की सलाह दी जाती है. यह शरीर को ठंडक देते हैं और एसिडिटी व ब्लोटिंग जैसी समस्याओं से राहत दिलाते हैं. वहीं चिया सीड्स का प्रभाव न्यूट्रल होता है, इसलिए इन्हें सालभर कभी भी खाया जा सकता है.
भिगोने का समय (Soaking Time)
सब्जा सीड्स पानी में डालते ही बहुत जल्दी फूल जाते हैं और करीब 5 से 10 मिनट में तैयार हो जाते हैं. वहीं चिया सीड्स को फूलने में ज्यादा समय लगता है. इन्हें कम से कम 30 मिनट या रातभर भिगोकर रखना पड़ता है. ताकि ये पूरी तरह जेल जैसी बनावट में आ जाएं.
पोषण और फायदे (Nutritional Focus)
दोनों ही बीज सेहत के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन इनके फायदे अलग-अलग होते हैं. अगर आपको पाचन से जुड़ी समस्याएं जैसे गैस, एसिडिटी या कब्ज है, तो सब्जा सीड्स ज्यादा फायदेमंद होते हैं. वहीं अगर आप ज्यादा फाइबर, वजन घटाने या ओमेगा-3 के फायदे चाहते हैं, जो स्किन हेल्थ के लिए भी अच्छे हैं, तो चिया सीड्स बेहतर ऑप्शन हैं.
इस्तेमाल का तरीका (Usage)
सब्जा सीड्स का इस्तेमाल आमतौर पर ठंडी ड्रिंक जैसे नींबू पानी, नारियल पानी या शरबत में किया जाता है. वहीं चिया सीड्स ज्यादा वर्सेटाइल होते हैं और इन्हें स्मूदी, ब्रेकफास्ट बाउल्स और पुडिंग में आसानी से शामिल किया जा सकता है. यानी हल्के और रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स के लिए सब्जा सीड्स सही हैं, जबकि मील-बेस्ड ऑप्शन के लिए चिया सीड्स ज्यादा बेहतर रहते हैं.





