इस बार देश का बजट-2026 एक फरवरी यानी रविवार को पेश होगा. संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा और दो अप्रैल तक चलेगा. राष्ट्रपति ने इसे मंजूरी दे दी है. 28 जनवरी को राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा. 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण पेश होगा. रविवार होने के बावजूद एक फरवरी को बजट पेश किया जाएगा. बजट सत्र का पहला चरण तेरह फरवरी को समाप्त होगा. दूसरा चरण नौ मार्च को आरंभ होगा और दो अप्रैल तक चलेगा.
संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा तय किए गए संभावित कार्यक्रम का हवाला देते हुए अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 जनवरी को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी. साल के पहले सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति का पारंपरिक अभिभाषण होता है. बीटिंग रिट्रीट समारोह के कारण 29 जनवरी को दोनों सदनों की बैठक नहीं होगी.
31 जनवरी को नहीं होगी लोकसभा-राज्यसभा की बैठक
संसद की बैठक 30 जनवरी को होगी, जिस दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने की संभावना है. इसके बाद 31 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की बैठक नहीं होगी. केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा. राष्ट्रपति के अभिभाषण और केंद्रीय बजट पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद संसद की बैठक 13 फरवरी को लगभग एक महीने के अवकाश के लिए स्थगित हो जाएगी.
9 मार्च को फिर शुरू होगी संसद की बैठक
संसद की बैठक 9 मार्च को फिर शुरू होगी और सत्र 2 अप्रैल बृहस्पतिवार को समाप्त होगा. अधिकारियों ने बताया कि आम तौर पर संसद का सत्र शुक्रवार को स्थगित होता है. मगर, 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और उसके बाद के सप्ताहांत को ध्यान में रखते हुए, सत्र 2 अप्रैल को समाप्त हो सकता है.





