
सर्दियों के मौसम में कई प्रकार की हरी पत्तेदार सब्जियां आती हैं और इनका सेवन भी स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। खासतौर पर सर्दियों के मौसम में सब्जियां खाने के कई फायदे होते हैं, क्योंकि ठंड के मौसम में कई तरह की बीमारियां होने का खतरा अधिक रहता है। सर्दियों में इम्यूनिटी कमजोर होने की भी संभावना अधिक रहती है। ऐसे में इन बीमारियों से बचने के लिए पालक बहुत ही फायदेमंद हो सकता है। पालक का जूस पीने से स्वास्थ्य को कई लाभ मिलते हैं। नियमित रूप से इसके सेवन से हड्डियों को मजबूती ही नहीं, बल्कि शरीर में खून की कमी भी दूर हो जाएगी। हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अमित वर्मा ने पालक के जूस के फायदे बताए हैं।
डॉ. अमित वर्मा के मुताबिक, पालक जूस का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसमें मैंगनीज, कैरोटीन, आयरन, आयोडीन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटेशियम और आवश्यक अमीनो एसिड जैसे कई पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। ये हमारे शरीर के लिए बहुत फायदेमंद है। पालक के जूस का सेवन करने से कई बीमारियां दूर हो जाती हैं।
पालक जूस के फायदे
- पाचन के लिए अच्छा
- हड्डियां मजबूत
- त्वचा के लिए लाभकारी
- हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ेगा
पाचन संबंधी समस्या से मिलेगा छुटकारा
पेट की समस्याओं को दूर करने में भी पालक का जूस फायदेमंद साबित हो सकता है। पालक में फाइबर प्रचुर मात्रा में होता है। फाइबर भोजन पचाने में मदद करता है और पाचन में सुधार करता है। पालक के जूस का सेवन करने से कोलाइटिस, अल्सर, अपच और कब्ज जैसी पेट की समस्याओं का इलाज करने में मदद मिल सकती है।
त्वचा के लिए लाभकारी
पालक का जूस त्वचा के लिए भी अच्छा होता है। पालक का जूस पीने से त्वचा मुलायम और हाइड्रेटेड हो जाती है। इसमें मौजूद विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाते हैं। इसलिए अपनी त्वचा को खूबसूरत बनाए रखने के लिए पालक के जूस का सेवन करें।
हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ेगा
पालक एनीमिया के लिए अच्छा है। पालक में आयरन की मात्रा भरपूर होती है, जो शरीर में खून की कमी को दूर करती है। इसका जूस पीने से कमजोरी व एनीमिया की समस्या नहीं होती है। पालक शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है।
आंखों की रोशनी बढ़ेगी
पालक में विटामिन ए और विटामिन सी पाया जाता है। यह मुख्य रूप से आंखों में मैक्यूलर डिजनरेशन के जोखिम को कम करने में मदद करता है। इसे पीने से आंखों की रोशनी बढ़ती है।