
शक में पिता ने एक साल के बेटे का घोंटा गला
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता ने अपने ही एक साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी. वजह सिर्फ इतनी थी कि बच्चे की शक्ल उससे नहीं मिलती थी और उसे पत्नी के चरित्र पर शक था. इस शक ने एक मासूम की जान ले ली.
मामले में पुलिस ने आरोपी पिता सोमपाल को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस के अनुसार सोमपाल शराब पीने का आदी है और अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था. शक और नशे की हालत में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.
शक, शराब और घरेलू कलह ने छीनी मासूम की जिंदगी
भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को पीड़िता रामबेटी थाने पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. रामबेटी का आरोप है कि वह पिछले दो महीने से अपने मायके पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव बोनी में रह रही थी. उसका पति सोमपाल शराब पीने का आदी है और आए दिन मारपीट करता था. वह अक्सर यह कहता था कि छोटा बेटा वरुण उसकी शक्ल का नहीं है और इसी बात को लेकर वह पत्नी पर शक करता था.
बुधवार को सोमपाल अचानक रामबेटी के मायके पहुंचा. वहां उसने बड़े बेटे अरुण और एक साल के छोटे बेटे वरुण को जबरन अपने साथ ले लिया. रामबेटी ने विरोध किया, लेकिन सोमपाल नहीं माना और दोनों बच्चों को लेकर बरेली के गांव अठाना चला गया.
रात में किसी समय उसने एक साल के मासूम वरुण की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को गांव के पास तालाब में ले जाकर फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो. अगले दिन जब बच्चे का कुछ पता नहीं चला तो परिवार वालों को अनहोनी की आशंका हुई.
मासूम वरुण का शव तालाब से मिला
रामबेटी को जब बेटे की हत्या की जानकारी मिली तो वह तुरंत बरेली पहुंची और पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और तालाब में तलाश शुरू की. कुछ देर बाद मासूम वरुण का शव तालाब से बरामद कर लिया गया. शव देखते ही मां बेसुध हो गई. गांव में भी मातम पसर गया.पुलिस ने शब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया
रामबेटी ने पति सोमपाल के खिलाफ हत्या की तहरीर दी. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गांव के खेत से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सोमपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि उसे बच्चे पर शक था और गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी.
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. लोग यही कह रहे हैं कि शक और शराब ने एक बाप को हैवान बना दिया और एक मासूम की जिंदगी छिन गई.






