हत्या कर फरार हुआ बांग्लादेशी मुंबई”` से गिरफ्तार, 4. मामलों में है वॉन्टेड

हत्या कर फरार हुआ बांग्लादेशी मुंबई”` से गिरफ्तार, 4. मामलों में है वॉन्टेड

Mumbai News: बांग्लादेश की बात है, कुछ साल पहले वहां एक शख्स पर 4 हत्याओं में शामिल रहने के आरोप लगे। शख्स गिरफ्तार हुआ, मुकदमा चला और आरोप साबित हुआ, अदालत ने उसे मौत की सजा सुनाई। दोषी ने फिर हाईकोर्ट में अपील की, उसे जमानत मिली और वह गायब हो गया। यह बात है साल 2023 की, हत्या का आरोपी गायब हो गया और पुलिस को इसकी कोई खोज खबर नहीं मिली।

मुंबई क्राइम ब्रांच की सीआईयू यूनिट ने उस शख्स को मुंबई से गिरफ्तार किया है। 37 साल का यह बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में रह रहा था। इसकी पहचान मोहम्मद जमाल हुसैन पोटुंदर उर्फ कुद्दुस रहीम शेख के रूप में हुई है। आरोपी 2023 में पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में घुसा था, जहां उसने एक फर्जी आधार कार्ड हासिल किया। बाद में वह मुंबई आ गया और कमाठीपुरा के एक होटल में काम करने लगा।

वह हत्या के चार मामलों में वांटेड था और उनमें से एक मामले में उसे दोषी ठहराया गया था और मौत की सजा सुनाई गई थी। बांग्लादेश की उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद, वह भारत भाग गया और एक फर्जी पहचान के साथ रहने लगा।

मुंबई क्राइम के एक अधिकारी ने बताया कि उसके सामान की तलाशी के दौरान, उन्हें चार हत्याओं में उसकी संलिप्तता के बारे में बंगाली भाषा के चार दस्तावेज मिले। ऐसा लगता है कि बांग्लादेश पुलिस द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी करने और उसकी तलाश करने के बाद, उसके मूल स्थान से किसी ने उसे ये दस्तावेज भेजे थे।

वारंट जारी होने के बाद पोटुंदर बांग्लादेश से भाग गया। वह पश्चिम बंगाल में दाखिल हुआ और फिर मुंबई आ गया। एक गुप्त सूचना के आधार पर, मुंबई क्राइम ब्रांच की सीआईयू ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 13 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

आरोपी ने शुरुआत में दावा किया कि वह पश्चिम बंगाल के नादिया जिले का रहने वाला है,लेकिन बाद में उसने अपनी असली पहचान बताई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि उसके पास कोई भी वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे। कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से उसके देश को सूचित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *