Viral

मुजफ्फरनगर के बिजली घर में कर्मचारी ने गोली मारकर की आत्महत्या, अफसरों को सुसाइड नोट भेजा, लिखा- फेक सर्टिफिकेट से ली थी नौकरी – Khabar Monkey

मुजफ्फरनगर के बिजली घर में कर्मचारी ने गोली मारकर की आत्महत्या, अफसरों को सुसाइड नोट भेजा, लिखा- फेक सर्टिफिकेट से ली थी नौकरी – Khabar Monkey
मुजफ्फरनगर के बिजली घर में कर्मचारी ने गोली मारकर की आत्महत्या, अफसरों को सुसाइड नोट भेजा, लिखा- फेक सर्टिफिकेट से ली थी नौकरी

मुजफ्फरनगर के बिजली घर में कर्मचारी ने गोली मारकर की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां बिजली विभाग के कर्मचारी ने ड्यूटी के दौरान बिजली घर के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि कर्मचारी ने सुसाइड से पहले वाट्सऐप पर अफसरों को सुसाइड नोट भी भेजा था.

मामला तितावी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव स्थित बिजली घर का है. यहां तैनात टीजी-2 कर्मचारी शुभम, जो नई मंडी थाना क्षेत्र के नसीरपुर का निवासी था, शनिवार रात ड्यूटी पर मौजूद था. देर रात करीब एक बजे बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि कर्मचारी ने बिजली घर के अंदर खुद को गोली मार ली है.

बिजली घर में मिला शव

सूचना मिलते ही थाना तितावी पुलिस मौके पर पहुंची. बिजली घर अंदर से बंद था. पुलिस ने विभागीय कर्मचारियों और फील्ड यूनिट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कर दरवाजा खुलवाया. अंदर शुभम का शव पड़ा मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से एक अवैध तमंचा और कुछ कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

शुभम ने आत्महत्या से पहले एक कथित सुसाइड नोट लिखा था, जिसे उसने अपने उच्च अधिकारियों को भेजा था. इसी के आधार पर जेई ने पुलिस को सूचना दी. सुसाइड नोट में लिखा है कि उसने वर्ष 2019 में नौकरी पाने के लिए अनुसूचित जाति का फर्जी प्रमाण पत्र बनवाया था. वह मूल रूप से उस श्रेणी से संबंधित नहीं है, लेकिन नौकरी पाने के लिए उसने यह कदम उठाया.

सुसाइड नोट में क्या लिखा?

सुसाइड नोट में यह भी जिक्र है कि इस बात की जानकारी बुढ़ाना निवासी गणपत नामक व्यक्ति को हो गई थी. शुभम के अनुसार, वह व्यक्ति उसे इस आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था और पैसों की मांग कर रहा था. पैसे देने से मना करने पर दोबारा शिकायत की गई, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया. उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी और लिखा कि उसकी सजा उसके परिवार को न दी जाए.

सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि शुभम ने अपने अफसरों को वाट्सऐप पर सुसाइड नोट भेजा था. साथ ही एक नोट पुलिस को मौके से भी बरामद हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

(रिपोर्ट- रविंद्र/ मुजफ्फरनगर)

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey