
इस खबर को शेयर करें
नई दिल्ली। Rajasthan News: राजस्थान पुलिस ने एक लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। करीब 10 साल बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। दिखने में तो वह काफी मासूम है लेकिन उसके कारनामे सुन आपके होश उड़ जाएंगे। उसने कई लोगों से शादी कर के कुल 1.25 करोड़ रुपए वसूले हैं। पुलिस ने जांच के बाद इस बात का खुलासा किया।
पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड की रहने वाली सीमा उर्फ निक्की ने पहली शादी 2013 में आगरा के एक व्यवसायी से की थी। शादी के कुछ समय बाद उसने परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वहीं, शादी के समझौते के तौर पर 75 लाख रुपए लिए। ये लुटेरी दुल्हन अपना शिकार ऑनलाइन मेट्रोमोनियल साइट के जरिए बनाती थी।
अमीर लोगों को बनाती थी निशाना
बता दें कि पुलिस ने जांच में पाया कि सीमा मैट्रिमोनियल साइट्स पर अपने शिकार ढूंढती थी। विशेषकर ऐसे पुरुषों से शादी करने की कोशिश करती थी, जो या तो तलाकशुदा थे या अपनी पत्नियों को खो चुके थे। इसी तरीके से 2017 में सीमा ने गुरुग्राम के एक सॉफ़्टवेयर इंजीनियर से शादी कर ली। इसके बाद उससे अलग होने के बाद समझौते के तौर पर उस व्यक्ति से 10 लाख रुपये लिए।
पुलिस ने बताया कि सीमा ने अलग- अलग राज्यों में कई अमीर लोगों से शादी कर के विभिन्न मामलों में सेटलमेंट के तौर पर कुल 1.25 करोड़ रुपये जुटाए। इस महिला ने साल 2023 में राजस्थान के जयपुर में एक व्यवसायी से शादी की। इसके बाद उसके घर से 36 लाख रुपये के गहने और नकदी लेकर भाग गई। घटना के बाद परिवार के लोगों ने मामला दर्ज कराया। मामले की जांच करते हुए जयपुर पुलिस ने सीमा को गिरफ्तार कर लिया।
महिला ने बताया कैसे बनाती थी शिकार
पुलिस की जांच में इस लुटेरी दुल्हन ने अपने कार्यप्रणाली का खुलासा किया है। उसने बताया कि वह अक्सर अपने ऑनलाइन मेट्रोमोनियल साइट के माध्यम से तलाकशुदा या अमीर व्यापारियों और पेशेवरों को चुनती थी। उनसे संपर्क बनाकर वह पीड़ितों की वित्तीय संपत्तियों और व्यवसायों के बारे में पहले जानकारी लेती थी। फिर उनसे शादी करती थी। शादी के बाद वह परिवार के साथ 4 से 5 महीने व्यतीत करती थी और विश्वास हासिल करती थी।