
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा.
दिल्ली के साकेत स्थित A.P.J. स्कूल ने कथित तौर पर पिछले चार शैक्षणिक वर्षों (2021-22 से 2025-26) से बढ़ी हुई फीस का भुगतान न करने के कारण कक्षा 10 के दो छात्रों को बोर्ड परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड देने से इनकार कर दिया है. बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने वाली हैं. इस मामले पर आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने सवाल खड़े किए हैं, तो वहीं बीजेपी ने पलटवार किया है.
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली के साकेत स्थित ए.पी.जे. स्कूल द्वारा केंद्रीय माध्यमिक बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे छात्रों को रोल नम्बर देने में विलंब का जो मामला आज आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने उठा रहे हैं, वो खुद AAP के शासनकाल की उपज है. उन्होंने कहा कि यह खेदपूर्ण है की एक स्कूल के मुद्दे को उठा कर AAP नेता ऐसा दर्शाने की कोशिश कर रहे हैं जैसे दिल्ली में हर निजी स्कूल के बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र रोल नंबर को लेकर परेशान हैं.
‘A.P.J. स्कूल जाएंगे और रोल नंबर लेकर आएंगे’
दरअसल सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा है कि कुछ प्राइवेट स्कूल पूरी तरह से गुंडागर्दी पर उतरे हैं. उन्होंने कहा कि A.P.J. स्कूल ने बच्चों के रोल नंबर रोक दिए हैं और दिल्ली सरकार चुप बैठी हुई है. उन्होंने कहा कि अगर आज बच्चों को रोल नंबर नहीं दिया तो कल यानी सोमवार को वो लोग A.P.J. स्कूल जाएंगे और हर हाल में रोल नंबर लेकर आएंगे.
कल CBSE का Roll number लेकर आयेंगे
16.2.2026
1:00 बजे दोपहर
Apeejay School, Saketभाजपा सरकार और प्राइवेट स्कूल की गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे
परसों CBSE की परीक्षा है और Apeejay School (Saket) ने बच्चों के Roll number रोक दिए हैं और बढ़ी हुई फीस देने के लिए पैरेंट्स को pic.twitter.com/W2V5bX3zME
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) February 15, 2026
वीरेंद्र सचदेवा का AAP पर हमला
वहीं अब वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह साल 2020 में कोविड काल के दौरान A.P.J. स्कूल, साकेत द्वारा की गई फीस वृध्दि का मामला है. उन्होंने कहा कि आज सौरभ भारद्वाज द्वारा यह मामला उठाना इस बात की स्वीकृति है की केजरीवाल सरकार के समय से ही निजी स्कूल लगातार फीस बढ़ाते रहे .
‘फीस वृद्धि मामले में 5 साल में क्या कार्रवाई की थी ?’
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा है कि पिछले साल भी आम आदमी पार्टी की सरकार के इशारे पर इस स्कूल ने बोर्ड परीक्षार्थियों के रोल नम्बर रोके थे जिन्हें केंद्रीय बाल आयोग के हस्तक्षेप के बाद जारी किया गया था. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का नया शिक्षा कानून इतना सख्त है की साकेत स्थित A.P.J. स्कूल तो क्या कोई भी निजी स्कूल केंद्रीय बोर्ड परीक्षार्थियों के रोल नंबर नहीं रोक पाएगा. उन्होंने कहा कि ॉ अभिभावक संतुष्ट रहें की सभी छात्र बोर्ड परीक्षा देंगे. उन्होंने कहा कि AAP नेता सौरभ भारद्वाज बताएं की उनकी सरकार ने खासकर तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी मार्लेना ने इस A.P.J. स्कूल फीस वृद्धि मामले में विगत 5 साल में क्या कार्रवाई की थी ?.






