
Muzaffarnagar Scooter Accident: मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के आनंदपुरी मोहल्ले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने इलाके में अफरातफरी मचा दी। बताया जा रहा है कि एक महिला स्कूटी पर कई स्कूली बच्चों को लेकर जा रही थी। स्कूटी सड़क किनारे खड़ी थी, तभी मां की एक छोटी-सी चूक बड़े हादसे का कारण बन गई।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, स्कूटी पर खड़ा एक बच्चा अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण स्कूटी के एक्सीलेटर पर लटक गया। इससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और अचानक रेस मिलने से तेज रफ्तार से आगे बढ़ने लगी। महिला स्कूटी को संभाल पाती या ब्रेक लगाती, उससे पहले ही गाड़ी सामने बनी दीवार से जा टकराई। बताया जा रहा है कि, टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पर बैठी महिला और बच्चे सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों की मदद में जुट गए। इस घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें साफ तरीके से घटना को होते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों ने बच्चों और महिला को संभाला और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। हादसे में बच्चों को चोटें आई हैं।
स्कूली बच्चों को लेकर जा रही थी महिला
हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक, महिला रोजाना की तरह अपने स्कूली बच्चों को लेकर जा रही थी और स्कूटी पर क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। बताया गया है कि, महिला की छोटी सी गलती ने एक हादसे को जन्म दिया, जिसे देखकर रोंगते खड़े हो जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।






