Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास युवती को कार से टक्कर मारने और बोनट पर घसीटने का मामला काफी सुर्खियों में है. युवती अनामिका सिंह की तहरीर पर आरोपी शाहनवाज और उसके दोस्त दानिश पर गोमतीनगर विस्तार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस को दी गई तहरीर में अनामिका ने बताया कि शाहनवाज ने जान से मारने की नीयत से उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की. गाड़ी में बैठे दानिश ने शाहनवाज से कहा कि, ‘ऊपर से कार चढ़ाकर भाग चलो यहां से…”

पीड़िता अनामिका के मुताबिक, वह सुबह करीब 6:30 बजे जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर4 के पास चाय पीने गई थी. इसी दौरान शाहनवाज अपने दोस्त दानिश के साथ कार से वहां पहुंचा. जब उसने शाहनवाज को देखा तो वह उसके पास गई. इस पर शाहनवाज ने उससे पूछा कि तुम यहां क्या कर रही हो? अनामिका का आरोप है कि शाहनवाज ने उसके साथ गालीगलौज और मारपीट की. इसके बाद कार लेकर वहां से जाने लगा.
अनामिका के मुताबकि, जब उसने कार को रोकने की कोशिश की तो शाहनवाज ने उसकी तरफ कार बढ़ा दी. अचानक से वह कार के बोनट पर जा गिरी और उसने वाइपर पकड़ लिया. कार कुछ दूरी तक चलती रही, जिसके बाद वह सड़क पर गिर गई. घटना के दौरान उसे चोटें आईं. वह कुछ समय के लिए बेहोश हो गई. आसपास मौजूद लोगों और उसकी बहन व बुआ ने उसे अस्पताल पहुंचाया.
‘कार चढ़ाकर भाग चलो’
अनामिका सिंह ने अपनी शिकायत में शाहनवाज और उसके दोस्त दानिश पर गंभीर आरोप लगाए. तहरीर के मुताबिक, जब शाहनवाज कार लेकर वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था, तब दानिश ने उससे कहा कि ‘ऊपर से कार चढ़ाकर भाग चलो’. इसके बाद दोनों मौके से चले गए. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर शाहनवाज और दानिश के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
घटना का वीडियो भी आया सामने
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा. इसमें अनामिका कार के सामने दिखाई दे रही है और कार आगे बढ़ती नजर आ रही है. वीडियो में देखा जा सकता है कि अनामिका कार के बोनट पर चढ़ी है और शाहनवाज तेजी से कार भगाता लेकर जा रहा है. करीब 300 मीटर तक शाहनवाज ने अनामिका को बोनट पर ही इसी तरह घसीटा. फिलहाल पुलिस ने शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है. उसकी कार को भी जब्त कर लिया है.
महिला आयोग पहुंची पीड़िता
घटना के बाद पीड़िता महिला आयोग भी पहुंची. राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मामले का संज्ञान लिया है. उनके मुताबिक, पीड़िता की ओर से बताए गए घटनाक्रम के आधार पर आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने प्रथम दृष्टया इसे केवल हिट एंड रन का मामला न मानते हुए रिश्ते और शादी के दबाव से जुड़े आरोपों की भी जांच की बात कही है.
पुलिस के मुताबिक, घटना गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में हुई. पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस कार के नंबर, घटनास्थल के वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी को भी जांच का हिस्सा बना रही है.