Noida Crime News: आस्था के नाम पर कराई गई पूजा से मनोकामना पूरी नहीं हुई तो आरोपियों ने भगवान से नाराज होने के बजाय पूजा करने वाले पंडित को ही अपना निशाना बना लिया. नोएडा के पंडित अनिल तिवारी के अपहरण और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि जौनपुर के रहने वाले आशीष और प्रवेश ने पहले पंडित से धार्मिक अनुष्ठान कराया और जब उनकी कथित मनोकामना पूरी नहीं हुई तो उन्हें दोबारा पूजा के बहाने जौनपुर बुलाकर बंधक बना लिया.

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने कुछ समय पहले अनिल तिवारी से धार्मिक अनुष्ठान कराया था, जिसके बाद जब उनकी उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिला तो उन्होंने पूजा के खर्च में पैसों को वापस लेने का फैसला किया. इसी बहाने पंडित को दोबारा जौनपुर बुलाया गया. जौनपुर पहुंचने के बाद उन्होंने कमरे में पीड़ित को बंधक बना लिया.
रंगदारी नहीं देने पर दी जान से मारने की धमकी
इसके बाद पंडित को छोड़ने के बदले आरोपियों ने परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. पुलिस के मुताबिक 2 सितंबर को परिजनों ने थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई. इस मामले में पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ पंडित को सुरक्षित बरामद करने की नहीं थी, बल्कि आरोपियों तक पहुंचकर पूरी साजिश को पर्दाफाश करने की भी थी.
पुलिस ने ऐसे आरोपियों को पकड़ा
पुलिस की दो टीमों ने आरोपियों की हर गतिविधियों पर नजर रखी और जाल बिछाया. फिर जैसे ही आरोपी रंगदारी की रकम लेने पहुंचे पुलिस ने सर्फाबाद के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान पूरे घटनाक्रम की परते खुल गईं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की साजिश में आरोपियों के साथ और लोग शामिल हैं या नहीं.
थाना प्रभारी सेक्टर113 प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने बताया कि पूजा में खर्च किए गए पैसे वापस लेने के नाम पर दोनों आरोपियों ने पंडित को किडनैप करने का ये कदम उठाया.