Stock Market Holiday: देश भर में आज 14 सितंबर का दिन गणेश चतुर्थी के रूप में बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है. त्योहार के इस पावन मौके पर शेयर बाजार में ट्रेडिंग हॉलिडे घोषित किया गया है. आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज दिन भर के लिए बंद रहेंगे, जिससे आज शेयरों की कोई खरीदफरोख्त नहीं की जा सकेगी.

शाम के समय खुलेगा कमोडिटी बाजार
भले ही दिन के समय प्रमुख शेयर बाजारों में कामकाज ठप हो, लेकिन कमोडिटी मार्केट के निवेशकों के लिए शाम का विकल्प खुला हुआ है. कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट तथा इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स सेगमेंट में सुबह के सेशन में छुट्टी रहेगी. लेकिन शाम का सेशन चालू रहेगा. ये शाम 5 बजे से शुरू होकर रात 11:30 या 11:55 बजे तक चलेगा.
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज के ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर भी यही नियम लागू होगा. एमसीएक्स में गणेश चतुर्थी की वजह से सुबह के सेशन में ट्रेडिंग नहीं की जाएगी. शाम 5 बजे के बाद से इस प्लेटफॉर्म पर ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी. आम तौर पर शेयर बाजार तथा एमसीएक्स हर शनिवार व रविवार को बंद रहते हैं. लेकिन कुछ सार्वजनिक अवकाशों पर बीच हफ्ते में भी ट्रेडिंग बंद रखी जाती है.
इस साल बाकी बची ट्रेडिंग छुट्टियां
गणेश चतुर्थी के बाद भी इस साल शेयर बाजार में कई छुट्टियां आने वाली हैं. 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के मौके पर बाजार बंद रहेगा. इसके बाद 20 अक्टूबर को दशहरा की छुट्टी रहेगी. 10 नवंबर को दिवालीबलिप्रतिपदा के दिन कामकाज नहीं होगा. 24 नवंबर को प्रकाश पर्व श्री गुरु नानक देव जयंती की छुट्टी तय है. साल के आखिर में 25 दिसंबर को क्रिसमस के कारण बाजार में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी.
मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए खास दिन
भारतीय शेयर बाजार में दिवाली के मौके पर मुहूर्त ट्रेडिंग का खास महत्व होता है. इस साल 8 नवंबर को दिवाली लक्ष्मी पूजन है. खास बात ये है कि उस दिन रविवार पड़ रहा है. रविवार को छुट्टी होने के बावजूद 8 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर मुहूर्त ट्रेडिंग की जाएगी. एक्सचेंज की तरफ से मुहूर्त ट्रेडिंग का समय बाद में घोषित किया जाएगा.
शुक्रवार के कारोबारी दिन का हाल
छुट्टी से पहले आखिरी कारोबारी दिन यानी 11 सितंबर को भारतीय शेयर बाजारों में काफी उतारचढ़ाव देखने को मिला था. शुक्रवार को बाजार में गिरावट हावी रही. कारोबार बंद होने पर सेंसेक्स 120.83 अंक लुढ़ककर 74,781.76 के स्तर पर आ गया था. निफ्टी भी 79.70 अंक टूटकर 23,398.10 पर बंद हुआ था.
दिन के कारोबार में सेंसेक्स एक समय 742.43 अंक तक लुढ़क गया था और इसने 74,160.16 का लो बनाया था. निफ्टी भी 246.4 अंकों की भारी गिरावट के साथ 23,231.40 के निचले स्तर तक पहुंच गया था. हालांकि बाद में बाजार में हल्की रिकवरी देखने को मिली. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर निफ्टी 23000 के नीचे फिसला तो आने वाले हफ्ते में सेलिंग प्रेशर और ज्यादा बढ़ सकता है.