
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सीबीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा शनिवार को 3 घंटे की देरी से शुरू हुई। खतौली तहसील के मॉडर्न पब्लिक स्कूल में सुबह 10 बजे से होने वाला यह पेपर बैंक के लॉकर में बंद हो गया था।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा का प्रश्नपत्र कैनरा बैंक के लॉकर में रखा था, जो समय पर नहीं खुल सका। बैंक कर्मचारियों ने लॉकर खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने सीबीएसई बोर्ड को घटना की सूचना दी। बोर्ड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रश्नपत्र को ईमेल के माध्यम से स्कूल भेजा। स्कूल ने उसका प्रिंट आउट निकलवाया।
इस प्रक्रिया में लगभग 3 घंटे का समय लग गया, जिसके कारण परीक्षा दोपहर 1 बजे शुरू हुई और शाम 4 बजे समाप्त हुई। इस देरी से छात्रों के अभिभावकों में भारी रोष देखा गया। एक अभिभावक इंद्रेश कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें दोपहर करीब 1 बजे स्कूल से संदेश मिला कि तकनीकी खराबी के कारण बच्चों की परीक्षा शुरू नहीं हुई है।





