Viral

बचा लीजिए, डीएम सर ! छात्रा ने लगाई गुहार, संकट में 243 बच्चों का भविष्य

बचा लीजिए, डीएम सर ! छात्रा ने लगाई गुहार, संकट में 243 बच्चों का भविष्य

नरही स्थित विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल की कक्षा नौ की छात्रा तनिशा ने जिलाधिकारी विशाख जी. को पत्र लिखकर विद्यालय को बचाने की भावुक अपील की है। अपने पत्र में छात्रा ने कहा कि वह गरीब परिवार से आती है और यदि स्कूल बंद हो गया तो केवल उसकी ही नहीं, बल्कि 243 विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो जाएगा।

बचा लीजिए, डीएम सर ! छात्रा ने लगाई गुहार, संकट में 243 बच्चों का भविष्य
बचा लीजिए, डीएम सर ! छात्रा ने लगाई गुहार, संकट में 243 बच्चों का भविष्य

इंस्पायर अवॉर्ड की राशि भी स्कूल के लिए देने को तैयार

पिछले वर्ष इंस्पायर अवॉर्ड से सम्मानित तनिशा ने पत्र में यह भी लिखा कि पुरस्कार स्वरूप मिली 10 हजार रुपये की राशि भी वह विद्यालय को बचाने के लिए देने को तैयार है। उसकी यह अपील उन सैकड़ों विद्यार्थियों की चिंता को सामने लाती है, जिनकी शिक्षा पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।

किराएदारी विवाद के बाद खाली कराया गया स्कूल परिसर

गुरुवार को किराएदारी विवाद के चलते एडीएम महेंद्र पाल के आदेश पर पुलिस की मौजूदगी में विद्यालय परिसर खाली कराया गया था। ग्रीष्मावकाश के दौरान हुई इस कार्रवाई में स्कूल के अभिलेख, फर्नीचर, पंखे, कंप्यूटर और अन्य शैक्षणिक सामग्री भी परिसर से बाहर निकाल दी गई थी।

स्कूल के बाहर छात्रों और अभिभावकों का प्रदर्शन

शनिवार को विद्यालय के बाहर का माहौल भावुक रहा। छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर स्कूल को बचाने की मांग करती नजर आईं। कई छात्राओं की आंखें नम थीं, जबकि अभिभावकों के चेहरों पर बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता दिखाई दी। शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों ने एकजुट होकर विद्यालय को मुक्त कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

1936 से संचालित है विद्यालय

विद्यालय की प्रबंधिका संतोष रस्तोगी ने कहा कि वर्ष 1936 से संचालित यह संस्थान हजारों छात्राओं को शिक्षा दे चुका है और इसे बंद करने की साजिश की जा रही है। प्रधानाचार्य रश्मि यादव के अनुसार विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक बालक-बालिकाएं तथा कक्षा छह से हाईस्कूल तक छात्राएं अध्ययनरत हैं। वर्तमान में यहां 243 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जिनमें अधिकांश आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से जुड़े हैं।

अभिभावकों ने जताई बच्चों की पढ़ाई की चिंता

प्रदर्शन में शामिल अभिभावकों ने कहा कि उनके बच्चों की शिक्षा का मुख्य आधार यही विद्यालय है। उनका कहना है कि यदि स्कूल बंद हो गया तो बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी और कई परिवारों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी।

पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा ने दिया समर्थन

लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर इस प्रकार का संकट चिंताजनक है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर विद्यालय को बचाने की मांग उठाने का आश्वासन दिया।

Khabar Monkey

शिक्षक संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी, महासचिव आशीष कुमार सिंह समेत कई शिक्षक नेताओं ने कहा कि यदि सोमवार तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply