दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एक कॉलेज की 49 वर्षीय असिस्टेंट प्रोफेसर का शव पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मिला। पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान देबस्मिता पॉल के रूप में हुई है।

देबस्मिता पॉल शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं और वसुंधरा एन्क्लेव में स्थित सत्यम अपार्टमेंट्स के अपने फ्लैट में अकेली रहती थीं। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 2:35 बजे एक महिला ने फोन पर सूचना दी कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है और शव फ्लैट के अंदर पड़ा हुआ है।
Khabar Monkey
पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोन करने वाली महिला देवरति पॉल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन को सुबह से बार-बार फोन कर रही थी लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था।
बहन ने तोड़ा फ्लैट का ताला
देवरति ने पुलिस को बताया कि फ्लैट बाहर से बंद था और किसी अनहोनी की आशंका के चलते उसने ताला तोड़ा और फ्लैट के अंदर गई, वहां उसकी बहन का शव पड़ा हुआ था।
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया। फ्लैट की जांच की गई और सबूत व फॉरेंसिक नमूने एकत्र किए गए। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल पाएगा।
मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में न्यू अशोक नगर थाने में बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।
राजीव कुमार के मुताबिक, महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों, हालिया गतिविधियों और इलाके के सीसीटीवी फुटेज सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।












