गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं। ऐसे में बच्चों की रोजाना कुछ न कुछ खाने की फरमाइश होती ही रहती है। गर्मी भी बहुत पड़ रही है। ऐसे में कई बार मन नहीं होता है कि घंटों किचन में खड़े होकर कुछ बनाया जाए। साथ ही वो ऐसी चीज हो जिसे बच्चों के साथ-साथ घर के बाकी सदस्य भी चाव से खाना पसंद करें। ऐसे में आप मात्र 1 कप बेसन से मिनटों में ही टेस्टी, स्पंजी और जालीदार ढोकला बना सकते हैं।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
बेसन – 1 कप
सूजी – 2 बड़े चम्मच
दही – ½ कप
पानी – लगभग ½ कप
चीनी – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हल्दी – ¼ छोटा चम्मच
नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
ईनो फ्रूट सॉल्ट – 1 छोटा पैकेट (या 1 छोटा चम्मच)
Khabar Monkey
तड़के के लिए
तेल – 1 बड़ा चम्मच
राई – 1 छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 2 (लंबाई में कटी हुई)
करी पत्ता – 8-10
चीनी – 1 छोटा चम्मच
पानी – ½ कप
नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
जालीदार ढोकला बनाने की स्टेप बाय स्टेप रेसिपी
घर में झटपट ढोकला बनाने के लिए सबसे पहले किसी बर्तन में बेसन और सूजी डालें। फिर इसमें आपको दही, नमक, हल्दी और चीनी मिलाना है। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बैटर तैयार करें। एक बात का ध्यान रखें कि बैटर को अच्छी तरह 2-3 मिनट तक फेंटें।
ऐसा करने से ढोकला ज्यादा स्पंजी बनता है। इसके बाद तुरंत ढोकला न बनाएं। बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें। अगर आपके पास स्टीमर है तो वो लें अगर नहीं है तो एक कड़ाही लेकर उसमें पानी गर्म करें। फिर ढोकला बनाने वाली थाली या टिन को हल्के तेल से ग्रीस कर लें। स्टीम करने से ठीक पहले बैटर में नींबू का रस और ईनो डालें। ऊपर से 1 चम्मच पानी डालें और हल्के हाथ से एक दिशा में मिलाएं। जैसे ही बैटर फूलने लगे, तुरंत उसे ग्रीस की हुई थाली में डाल दें।
इसके बाद थाली को सावधानी से स्टीमर में रखें। मध्यम आंच पर 15-18 मिनट तक पकाएं। पकने के बाद टूथपिक डालकर चेक करें। अगर टूथपिक साफ निकल आए तो ढोकला तैयार है। अब बारी आती है तड़का लगाने की। एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, करी पत्ता और हरी मिर्च डालें। इसके बाद पानी, चीनी और नींबू का रस डालकर 1 मिनट उबाल लें। इस तड़के को तैयार ढोकले पर समान रूप से डाल दें ताकि वह अंदर तक नरम और रसदार हो जाए। ढोकले को चौकोर टुकड़ों में काटें और हरी चटनी के साथ परोसें।
जालीदार ढोकला बनाने के टिप्स
बैटर को अच्छी तरह फेंटें, इससे उसमें हवा भरती है।
ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा न चलाएं।
स्टीमर पहले से गर्म होना चाहिए।
ढोकला पकाते समय बार-बार ढक्कन न खोलें।
तड़का डालने से ढोकला ज्यादा मुलायम और स्वादिष्ट बनता है।












