हिंदी सिनेमा में साइड कैरेक्टर्स अक्सर कहानी खत्म होने के साथ दर्शकों की यादों से भी धीरे-धीरे गायब हो जाते हैं। लेकिन कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जो हीरो के साए में रहकर भी अपनी अलग पहचान बना लेते हैं। ‘सर्किट’ ऐसा ही एक किरदार रहा। ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ रिलीज हुए दो दशक से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन आज भी अगर बॉलीवुड के सबसे वफादार दोस्त का नाम पूछा जाए तो लाखों लोगों के जहन में सबसे पहले सर्किट ही आता है।

सर्किट को सिर्फ ‘मुन्ना भाई’ (संजय दत्त) का राइट हैंड मैन कहना उस किरदार की गहराई को कम करना होगा। वह कहानी का कॉमिक इंजन था, भावनात्मक सहारा था और दोस्ती का सबसे मजबूत सिम्ब्ल भी। उसकी एक लाइन दर्शकों को हंसा सकती थी, तो उसकी एक छोटी-सी प्रतिक्रिया दोस्ती और वफादारी का अर्थ भी समझा सकती थी। हालांकि, सवाल यह है कि आखिर एक गैंगस्टर का साथी इतना बड़ा कल्ट आइकन कैसे बन गया? इसी सवाल का जवाब सर्किट के किरदार की परतों को खोलने पर मिलता है।
यह भी पढ़ें:
सिर्फ कॉमेडी नहीं, दोस्ती की मिसाल भी था सर्किट
जब भी सर्किट का नाम लिया जाता है, सबसे पहले उसकी मजेदार बातें और अनोखा अंदाज याद आता है। लेकिन अगर इस किरदार को गहराई से समझा जाए तो उसकी सबसे बड़ी पहचान उसकी दोस्ती है। सर्किट का पूरा अस्तित्व मुन्ना भाई के इर्द-गिर्द घूमता है। वह सिर्फ उसका साथी नहीं, बल्कि उसका सबसे बड़ा समर्थक, सलाहकार और मुश्किल वक्त में ढाल बनकर खड़ा रहने वाला दोस्त है।
चाहे मुन्ना किसी परेशानी में हो या किसी बड़े फैसले के सामने, सर्किट बिना सवाल किए उसके साथ खड़ा दिखाई दिया। यह निस्वार्थ दोस्ती ही सर्किट को दर्शकों के दिलों के करीब ले जाती है। वह ऐसा दोस्त है जिसकी हर किसी को जरूरत महसूस होती है- वफादार, ईमानदार और हर परिस्थिति में साथ निभाने वाला।
एक गैंगस्टर, लेकिन दिल बच्चे जैसा
राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी ने सर्किट को बेहद दिलचस्प तरीके से लिखा था। आमतौर पर फिल्मों में गैंगस्टर के साथी को खतरनाक, हिंसक और डर पैदा करने वाले किरदार के रूप में दिखाया जाता है। लेकिन सर्किट इस परंपरा को तोड़ता है।
वह गुंडों की दुनिया का हिस्सा जरूर है, लेकिन उसका दिल बेहद साफ है। कई बार वह ऐसी बातें कह देता है जिसे सुनने के बाद हंसी आने लगती हैं, लेकिन उनमें सच्चाई और मासूमियत छिपी होती है। उसकी सोच जटिल नहीं है। वह दुनिया को सीधे और सरल नजरिए से देखता है। उसकी गलतियां भी उसे और ज्यादा वास्तविक बनाती हैं।
अरशद वारसी ने किरदार में फूंक दी जान
सर्किट की सफलता का सबसे बड़ा श्रेय अरशद वारसी को जाता है। उन्होंने इस किरदार को सिर्फ निभाया नहीं, बल्कि जीया। उनकी बॉडी लैंग्वेज, बोलने का अंदाज, चेहरे के हावभाव और कॉमिक टाइमिंग ने सर्किट को अलग पहचान दी। कई बार ऐसा लगता है कि अगर यह किरदार किसी और अभिनेता ने निभाया होता तो शायद इतना प्रभावशाली नहीं बन पाता।
अरशद ने सर्किट को ओवर-द-टॉप कॉमेडी बनने से बचाया। उन्होंने उसमें इंसानी भावनाओं का ऐसा संतुलन रखा कि दर्शक उस पर हंसते भी हैं और उससे भावनात्मक रूप से जुड़ भी जाते हैं। यही कारण है कि सर्किट को अक्सर अरशद वारसी के करियर का सबसे आइकॉनिक किरदार माना जाता है।
Khabar Monkey
मुन्ना और सर्किट: बॉलीवुड की सबसे यादगार जोड़ियों में एक
हिंदी सिनेमा में कई मशहूर जोड़ियां रही हैं, लेकिन मुन्ना और सर्किट की जोड़ी का स्थान अलग है। दोनों किरदार एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां मुन्ना भावनाओं और आदर्शों के आधार पर फैसले लेता है, वहीं सर्किट व्यावहारिक सोच और जमीनी नजरिए का प्रतिनिधित्व करता है। दोनों के बीच होने वाली बातचीत फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बन जाती है।
उनकी दोस्ती में हास्य भी है, सम्मान भी और भावनात्मक गहराई भी। यही वजह है कि दर्शकों को उनकी केमिस्ट्री बेहद स्वाभाविक लगती है। सर्किट का किरदार यह भी दिखाता है कि सच्ची दोस्ती में सामाजिक हैसियत, शिक्षा या पृष्ठभूमि का कोई महत्व नहीं होता। महत्व होता है भरोसे और साथ निभाने की भावना का।
क्यों क्लट किरदार है सर्किट?
सर्किट की अमरता सिर्फ उसकी कॉमेडी में नहीं छिपी है। उसकी असली ताकत उसकी इंसानियत में है। वह हमें याद दिलाता है कि जिंदगी में सबसे कीमती चीज दोस्ती है। वह दिखाता है कि किसी का साथ निभाने के लिए बड़े-बड़े शब्दों या दिखावे की जरूरत नहीं होती। सच्ची नीयत और दिल से जुड़ाव ही काफी होता है।
सर्किट हंसाता है, लेकिन सिर्फ हंसाने के लिए नहीं। वह भावुक करता है, लेकिन सिर्फ रुलाने के लिए नहीं। वह दोस्ती की ऐसी तस्वीर पेश करता है जो हर दौर में रहेगी। इसीलिए सर्किट सिर्फ एक फिल्मी किरदार नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की सामूहिक स्मृति का हिस्सा बन चुका है। एक ऐसा किरदार जिसे लोग आज भी उतने ही प्यार से याद करते हैं, जितना पहली बार पर्दे पर देखने के बाद किया था।
शायद यही किसी भी किरदार के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। फिल्म खत्म हो जाए, साल गुजर जाएं, लेकिन दर्शकों के दिलों में उसकी जगह कभी खत्म न हो। सर्किट ने यह मुकाम हासिल किया है और इसी वजह से वह सच मायनों में एक अमर कल्ट किरदार है।
यह भी पढ़ें:












