उत्तर प्रदेश में भारी बारिश को देखते हुए कई जिलों में आज को कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी रहेगी. जिला प्रशासन ने बीएसए और डीआईओएस को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए. सरकारी और सभी बोर्ड के स्कूल पूरी तरह से बंद रहेंगे.

दरअसल सहारनपुर में भारी बारिश के चलते कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी रहेगी. डीएम सहारनपुर अरविंद चौहान के निर्देश के बाद आदेश जारी कर दिया गया है. बता दें कि सहारनपुर में बुधवार दोपहर से लगातार बारिश हो रही है.
12वीं तक के सभी स्कूल बंद
वहीं मुजफ्फरनगर में भी आज नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. लगातार दो दिनों की भारी बारिश और जलभराव के चलते जिलाधिकारी ने आदेश जारी किए हैं. यह आदेश परिषदीय, सहायता प्राप्त, राजकीय, मान्यता प्राप्त व सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू रहेगा. छात्रछात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए फैसला लिया गया है. गाजियाबाद जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने भी जिले में भारी बारिश को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी है.
यूपी में भारी बारिश का अलर्ट
बता दें कि क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्रलखनऊ के अनुसार, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है.
मौसम कार्यालय ने कहा कि 11 जुलाई तक राज्य भर में व्यापक वर्षा होने की उम्मीद है, अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 24 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है.
सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त
बारिश से नोएडा और पड़ोसी जिले गाजियाबाद में भी सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया. बड़े पैमाने पर जलभराव और यातायात जाम से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वहीं, वसुंधरा सेक्टर13 में एक सड़क धंस गई. एक निर्माणाधीन बेसमेंट के बगल में एक आवासीय क्षेत्र की सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे खड़ी कार और स्कूटर गड्ढे में गिर गए, जबकि पास का एक बिजली का खंभा भी गड्ढे में झुक गया. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
सरकारी विभागों के कार्यालय जलमग्न
नोएडा के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, पानी भरी सड़कों पर वाहन खराब हो गए और लंबे यातायात जाम की खबरें आईं, जबकि गाजियाबाद में सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई. बारिश के कारण नोएडा सेक्टर33 स्थित परिवहन विभाग का कार्यालय जलमग्न हो गया, वहीं प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने और महिला थाने में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
आईएमडी ने कहा कि उत्तरपश्चिम मध्य प्रदेश पर कम दबाव प्रणाली और संबंधित ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण मानसून गतिविधि मजबूत हुई है, जिसके अगले 24 घंटों में उत्तरउत्तरपूर्व की ओर बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होगी. विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि बारी बारिश से जलभराव, यातायात बाधित हो सकता है. राज्य के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ आंधी चलने की भी संभावना है.



