Gas Kaise Bachaye: ईरान-अमेरिका और इजरायल युद्ध से पैदा हुए वैश्विक संकट के बीच भारत में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर प्रभाव पड़ा है। ब्लैक मार्केट में आसमान छूती कीमतें इस संकट की गवाह हैं कि लोग घबराहट में सिलेंडर की खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे में अगर आप अपने सिलेंडर को ज्यादा दिन तक चलाना चाहते हैं तो आपको कुछ छोटी गलतियों और आदतों पर ध्यान देना चाहिए। गैस की बचत करने में इससे आपको मदद मिल सकती है।

जी हां, ये आदतें अनजाने में आपकी गैस की खपत बढ़ा देती हैं। इससे सिलेंडर जल्दी खाली हो सकता है। आप इन आदतों को बदलकर गैस बचा सकते हैं और सिलेंडर को ज्यादा दिनों तक चला सकते हैं। हालांकि एक बात का ख्याल रखें कि एलपीजी सिलेंडर की खपत केवल खाना बनाने की आदतों पर ही नहीं, बल्कि गैस चूल्हे के इस्तेमाल के तरीके पर भी निर्भर करती है। कई बार छोटी-छोटी गलतियां गैस की खपत बढ़ा देती हैं, जिससे सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाता है। ये तरीके गैस बचाने में मदद कर सकते हैं।
खाना बनाने से पहले सभी सामान तैयार रखें
ऐसा करने से आपको गैस बचाने में मदद मिल सकती है। अगर सब्जियां काटने, मसाले निकालने या अन्य तैयारी के दौरान गैस जलती रहती है, तो ईंधन बेकार खर्च होता है। इसलिए हमेशा गैस का चूल्हा जलाने से पहले सभी सामान अपने पास रख लें।
बर्तन को ढक्कन लगाकर पकाएं
दूध गर्म करने से लेकर कुछ भी पका रहे हैं तो हमेशा ढक्कन लगाकर पकाएं। ऐसा करने सृगर्मी बर्तन के अंदर बनी रहती है और खाना जल्दी पकता है। यह आदत दाल, सब्जी, चावल या पानी उबालते समय हर चीज के लिए अपनाएं।
प्रेशर कुकर का ज्यादा इस्तेमाल करें
अगर आप चाहते हैं कि आपकी गैस जल्दी खत्म न हो तो आपको रसोई में प्रेशर कुकर का ज्यादा इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसा करने से प्रेशर कुकर में भाप और दबाव के कारण खाना कम समय में पकता है।
सही आकार के बर्नर को चुनें
आपके घर में बर्नर का साइज क्या है इसपर भी ध्यान दें। छोटे बर्तन पर बड़े बर्नर को यूज करने से गर्मी चारों तरफ फैल जाती है। ऐसा करने से गैस ज्यादा खर्च होती है। इसलिए हमेशा बर्तन के आकार के अनुसार बर्नर चुनें।
बर्नर को साफ करें
रोजाना खाना बनाते समय बर्नर पर कुछ न कुछ गिर ही जाता है। ऐसे में उसके छेद बंद होने पर लौ असमान हो जाती है। साथ ही गैस पूरी तरह नहीं जलती है। इसलिए हर 10-15 दिन में बर्नर निकालकर साफ करें।
तेज आंच का ज्यादा इस्तेमाल न करें
कुछ लोग जल्दबाजी में गैस का फ्लेम फुल कर देते हैं। हर खाना तेज आंच पर बनाने से गैस की खपत बढ़ती है। जबकि कई चीजें मध्यम आंच पर भी अच्छी तरह पक सकते हैं। इसलिए खाना बनाते समय उबाल आने के बाद आंच कम कर दें।
Khabar Monkey
दाल और अनाज को पहले भिगोने की आदत डालें
जब भी दाल या साबुत अनाज की कुछ भी चीज बनाएं उसे भिगोने की आदत डाल लें। भिगोए गए दाल, चना या राजमा जल्दी पकते हैं और गैस कम खर्च होती है। राजमा और छोले को 6-8 घंटे तथा दालों को 30 मिनट से 2 घंटे पहले भिगोएं।
गैस लीकेज की जांच करवाएं
अगर आपको कभी भी ऐसा लगे कि गैस से हल्का-सा लीकेज हो रहा है तो उसकी जांच करवाएं। क्योंकि धीरे-धीरे काफी गैस बर्बाद कर सकता है। रेगुलेटर, पाइप और जोड़ की समय-समय पर जांच करें। साबुन के घोल से बुलबुले बनने पर लीकेज का पता चल सकता है।
समतल तले वाले बर्तनों को यूज करें
टेढ़े या उभरे हुए तले वाले बर्तनों में गर्मी समान रूप से नहीं पहुंचती है। इससे खाना पकने में ज्यादा समय लगता है। इसलिए फ्लैट बेस वाले बर्तन इस्तेमाल करें।
खाना एक साथ प्लान करके बनाएं
यह बहुत सामान्य सी लगने वाली बात है लेकिन यह आदत भी आपकी गैस को बचा सकती है। बार-बार चूल्हा जलाने और गर्म करने में अतिरिक्त गैस खर्च होती है।
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपकी रसोई में सिलेंडर पहले की तुलना में बहुत जल्दी खत्म होने लगा है, तो केवल उपयोग की आदतें ही जिम्मेदार नहीं हो सकतीं। बर्नर की खराबी, रेगुलेटर की समस्या या गैस लीकेज भी कारण हो सकते हैं। इसलिए समय-समय पर तकनीशियन से जांच करवाना बेहतर रहता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। LPG सिलेंडर की खपत कई कारकों जैसे परिवार के सदस्यों की संख्या, खाना पकाने की आदतों, बर्नर की स्थिति और गैस उपकरणों की कार्यक्षमता पर निर्भर करती है। यहां बताए गए सुझाव गैस की बचत में मदद कर सकते हैं, लेकिन इनके परिणाम हर घर में अलग-अलग हो सकते हैं।












