Spicy Matar Pulao Recipe: गर्मियों के समय रोजाना रोटी-सब्जी खाकर ज्यादातर लोग बोर हो जाते हैं। ऐसे में बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी कुछ अलग खाना चाहते हैं। अगर आप भी कुछ ऐसी रेसिपी के बारे में सोच रही हैं तो कम समय में तैयार होने वाली मसालेदार मटर पुलाव की रेसिपी ट्राई कर सकती हैं। यह न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होता है बल्कि गर्मी में घंटों किचन में रहने की मेहनत को भी बचा सकता है।

मटर को कई सब्जियों के साथ मिलाकर बनाया जा सकता है। इसमें हल्की मिठास होती है और इससे बनने वाली डिश भी लाजवाब होती है। अगर कभी खाना बनाने के लिए समय कम हो या रोज की बोरिंग रोटी सब्जी खाने का मन न हो, तो मटर पुलाव झटपट बनाया जा सकता है। यह पौष्टिक होने के साथ-साथ स्वादिष्ट भी होता है। बच्चों से लेकर बुजर्गों तक सभी को यह पसंद आता है।
सामग्री
बासमती चावल: 200-250 ग्राम
हरी मटर: 150 ग्राम
प्याज: एक
टमाटर: दो
अदरक-लहसुन का पेस्ट: दो चम्मच
हरी मिर्च: दो-तीन
हरा धनिया: आधी कटोरी
पुदीने के पत्ते: पांच-सात
गरम मसाला पाउडर: एक चम्मच
कटा हुआ नारियल: तीन-चार चम्मच
नमक: स्वादानुसार
Khabar Monkey
बनाने का तरीका
सबसे पहले बासमती चावल को धोकर करीब आधे घंटे तक पानी में भिगो लें। इसी बीच एक कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें कटे हुए टमाटर डाल कर उन्हें नरम होने तक भूनें। फिर सूखे नारियल को बारीक काट लें। भुने हुए टमाटर और नारियल को मिक्सी में पीस कर उसका पेस्ट तैयार कर लें। इसके बाद कड़ाही में फिर से तेल गरम करें और उसमें तेज पत्ता, लौंग, हरी इलायची तथा दालचीनी डालकर तब तक भूनें जब तक वे फूल न जाएं। फिर कटी हुई हरी मिर्च डालकर हल्का सा भूनें और कटा हुआ प्याज डाल दें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर उसे कच्ची महक खत्म होने तक भूनें।
अब इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला मिलाकर हल्का सा भूनें। फिर बारीक कटा हुआ हरा धनिया और पुदीने की पत्तियां डालें। इसके बाद हरी मटर डालकर उसे तीन-पांच मिनट तक भूनें। अब इसमें टमाटर और नारियल का पेस्ट डालकर दो-तीन मिनट तक पकाएं। इसमें नमक और जरूरत के मुताबिक पानी डाल दें। जब इसमें उबाल आ जाए तो बासमती चावल डालें। अब इसे धीमी आंच पर ढक्कन रखकर पकाएं जब सारा पानी सूख जाए और चावल पक जाएं तो आंच बंद कर दें। इसे दही या रायता के साथ गरमागरम परोसें।












