रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जो आईपीएल में 17 सालों तक खिताब जीतने में कामयाब नहीं हो सकी थी उन्होंने साल 2025 में जहां पहली बार इस ट्रॉफी को अपने नाम किया तो वहीं अब इस टाइटल को डिफेंड करने के साथ लगातार दूसरी बार विजेता बनने में कामयाब रही है। आईपीएल 2026 के सीजन में रजत पाटीदार की कप्तानी में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का फाइनल मुकाबले में सामना गुजरात टाइटंस की टीम से था जिसमें उन्हें 156 रनों का टारगेट मिला था जिसे वह 18 ओवर्स में अपने नाम 5 विकेट के नुकसान पर करने में कामयाब रहे। इस मैच में विराट कोहली का बल्ले से कमाल देखने को मिला जिन्होंने टारगेट का पीछा करते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

कोहली ने संभाले रखा एक छोर, वेंकटेश अय्यर ने खेली ताबड़तोड़ पारी
गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल मैच में आरसीबी की टीम को जीत हासिल करने के लिए सिर्फ 156 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करने के लिए उनकी तरफ से विराट कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर की जोड़ी ओपनिंग करने उतरी थी, जिसमें दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी सिर्फ 4.3 ओवर्स में देखने को मिली। इस साझेदारी के दम पर आरसीबी ने शुरू में ही ये फाइनल मुकाबला एकतरफा कर दिया था। वेंकटेश अय्यर 16 गेंदों में 32 रनों की पारी खेलने के बाद मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। वहीं आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार 15 और क्रुणाल पांड्या भी सिर्फ एक रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।
विराट-डेविड ने संभाली पारी, आरसीबी ने दर्ज की आसान जीत
आरसीबी की टीम ने टारगेट का पीछा करते हुए 91 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद विराट कोहली जो एक छोर को संभाले हुए थे उन्हें टिम डेविड का साथ मिला। दोनों ने इस मैच में पांचवें विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी देखने को मिली। टिम डेविड इस मैच में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। विराट कोहली के बल्ले से फाइनल में 75 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली। गुजरात टाइटंस की तरफ से फाइनल मुकाबले में गेंद से राशिद खान ने 2 जबकि सिराज, अरशद खान और रबाडा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जीटी की तरफ से सिर्फ सुंदर ने दिखाया बल्ले से कमाल
आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी, जिसमें शुभमन गिल और साई सुदर्शन जिनसे सबसे ज्यादा बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी उन्होंने पूरी तरह से निराश किया। दोनों शुरुआती 6 ओवर्स का खेल खत्म होने से पहले ही पवेलियन लौट गए थे, इसके बाद जीटी की तरफ से सिर्फ वाशिंगटन सुंदर ही ऐसे रहे जिन्होंने 37 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली तो वहीं अन्य कोई भी बल्लेबाज 20 से अधिक रनों का आंकड़ा पूरा करने में कामयाब नहीं हो सका। आरसीबी की तरफ से इस मैच में गेंद से रसिक सलाम डार ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए तो वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 जबकि क्रुणाल पांड्या एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
Khabar Monkey












