भले ही भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमत में बीते एक हफ्ते से कोई बदलाव ना देखने को मिला हो, लेकिन पड़ोसी देशों में फ्यूल की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. श्रीलंका ने पेट्रोल और डीजल के साथ केरोसिन की कीमतों में जबरदस्त इजाफा किया है. रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका की सरकारी तेल कंपनी फ्यूल की कीमतों में इजाफा किया है. सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के अनुसार, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में रुकावटों के कारण श्रीलंका ने एक बार फिर खुदरा ईंधन की कीमतें बढ़ा दी हैं. ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा शनिवार को की गई थी और यह आधी रात से लागू हो गई. यह इस तरह की पांचवीं बढ़ोतरी है, जो राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा बार-बार इस बात पर जोर देने के बाद हुई है कि संघर्ष के कारण पैदा हुए दबावों को देखते हुए जनता को अपनी खपत कम करने की जरूरत है.

पेट्रोल और डीजल की कीमत में कितना इजाफा
सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (CPC) ने बताया कि पेट्रोल की कीमत में 5.85 प्रतिशत और डीजल की कीमत में 3.83 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (CPC) ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि डीजल की कीमत में 15 श्रीलंकाई रुपए (LKR) की बढ़ोतरी हुई है, जिससे इसकी नई कीमत 407 LKR प्रति लीटर हो गई है. कंपनी ने आगे बताया कि पेट्रोल की कीमतें अब 434 LKR प्रति लीटर हो गई हैं, जबकि पहले इसकी कीमत 410 LKR प्रति लीटर थी. इसका मतलब है कि पेट्रोल की कीमतों में 24 श्रीलंकाई रुपए का इजाफा किया गया है. आधिकारिक रिलीज़ के अनुसार, मिट्टी के तेल (केरोसिन) की कीमत में भी 20 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जो 265 रुपए से बढ़कर 285 रुपए हो गई है. ये नई कीमतें इस द्वीपीय देश भर में CPC के सभी फिलिंग स्टेशनों पर लागू होंगी.
Khabar Monkey
3 महीने में 5वीं बार इजाफा
1 मार्च से 31 मई के बीच ईंधन की कीमतों में हुई पांच बढ़ोतरी में से, तीन संशोधन 1 मार्च से 22 मार्च के बीच हुए. फरवरी के अंत में पेट्रोल की कीमत 293 रुपये प्रति लीटर थी, जो बढ़कर 434 रुपये प्रति लीटर हो गई. श्रीलंका के सेंट्रल बैंक के अनुसार, मई से LKR का मूल्य डॉलर के मुकाबले लगातार गिर रहा है. शीर्ष बैंक ने 22 मई को बताया कि रुपये का मूल्य अब तक 7 प्रतिशत से अधिक गिर चुका है. शनिवार को LKR में थोड़ी मज़बूती आई, और इस साल अब तक कुल मिलाकर इसका मूल्य 5 प्रतिशत से अधिक गिर चुका है.












