Moong Dal Recipes: आजकल बाहर के खाने का चलन काफी बढ़ गया है जहां रोजाना लोग पिज्जा, बर्गर, चाउमीन, गोल गप्पे और चाट जैसी चीजों को खाना पसंद करते हैं। खाने में ये चीजें काफी स्वादिष्ट लगती हैं लेकिन लंबे समय तक इनका सेवन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में आप घर पर हेल्दी और टेस्टी डिश ट्राई कर सकती हैं। इसके लिए मूंग दाल एक हेल्दी ऑप्शन साबित होगा जिसकी मदद से कई तरह की चीजें बनाई जा सकती हैं।
Khabar Monkey

मूंग दाल प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इसका स्वाद बहुत लाजवाब होता है जिसकी वजह से इसे बच्चों से लेकर बड़े तक पसंद करते हैं। अगर आप रोज मूंग दाल की एक जैसी रेसिपी से बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नई रेसिपी ट्राई कर सकते हैं जो स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखेंगी।
मूंग दाल चीला
बेसन का चीला तो आपने कई बार खाया होगा लेकिन इस बार घर पर कुछ हेल्दी बनाना चाहते हैं तो मूंग दाल का चीला ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए मूंग दाल को करीब 4-5 घंटे तक भिगोकर रखें। अब इसे मिक्सर में डालकर स्मूद घोल तैयार कर लें। इसमें आप हरी मिर्च, प्याज और अपने पसंद की सब्जियां भी डाल सकती हैं। अब इसमें नमक मिलाकर तवे पर घोल को फैलाएं और चीला तैयार करें। इसे दोनों तरफ से सेंक लें। गरम-गरम चीलों को हरी चटनी के साथ सर्व करें।
मूंग दाल खिचड़ी
खिचड़ी बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए फायदेमंद मानी जाती है। इसमें आप मूंग दाल का ट्विस्ट दे सकते हैं। सबसे पहले मूंग दाल और चावल को पानी से धो लें। ध्यान रखें कि चावल की मात्रा मूंग दाल से कम हो। इसके लिए हरी मिर्च, प्याज और आलू को बारीक काट लें। अब कुकर में तेल गर्म करके जीरा डालने के बाद हरी मिर्च, प्याज और आलू डालकर पकाएं। इसके बाद धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और थोड़ा सा गरम मसाला डालकर मसालों को भूनें। अगर मसाला कुकर में चिपक रहा है तो जरा सा पानी डाल सकते हैं। अब इसमें मूंग दाल और चावल को डालें और पानी डालकर कुकर में 2 सीटी आने तक पकाएं। अंत में हरा धनिया डालकर सर्व करें।
मूंग दाल उपमा
घर पर सुबह के समय मूंग दाल उपमा रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले मूंग दाल को कुछ घंटों के लिए भिगोकर रखें। जब दाल भीग जाए तो उसे हल्का दरदरा पीस लें। अब एक कड़ाही में राई, करी पत्ता, हरी मिर्च डालकर तड़का लगाएं। अब इसमें अपनी पसंद की सब्जियां डालकर पकाएं। इसके बाद मूंग दाल का पेस्ट और हल्का सूजी डालें। इसे कुछ देर पकने दें। जब दाल सॉफ्ट हो जाए तो इसे प्लेट में निकालकर सर्व करें।












