Mango Pulao Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही मार्केट में आम की बहार आ जाती है. वैसे तो आपने आम से बनी कई चीजें खाई होंगी, जैसे मैंगो लस्सी, आइसक्रीम, मैंगे शेक आदि. लेकिन क्या कभी आम से बना पुलाव खाया है? मीठे और हल्के मसालेदार स्वाद का अनोखा मेल इस डिश को बेहद खास बनाता है. पके हुए आम की मिठास और सुगंधित चावल का यह कॉम्बिनेशन खाने वालों को पहली ही बाइट में पसंद आ सकता है. अगर आपने भी इसे एक बार बनाकर खा लिया इसका स्वाद भूल नहीं पाएंगे.

इसकी सबसे खास बात ये है कि यह रेसिपी न सिर्फ जल्दी तैयार हो जाती है, बल्कि घर आए मेहमानों का दिल जीतने का भी वादा करती है. चलिए इस आर्टिकल में आपको भी बताते हैं मैंगो पुलाव बनाने का तरीका.
Khabar Monkey
मैंगो पुलाव बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप बासमती चावल
- 1½ कप पके आम के टुकड़े
- 2 बड़े चम्मच आम का गूदा (मैंगो पल्प)
- 2 बड़े चम्मच घी
- 10 काजू
- 10 बादाम (पतले कटे हुए)
- 1 बड़ा चम्मच किशमिश
- 3 हरी इलायची
- केसर के कुछ धागे (गुनगुने दूध में भिगोए हुए)
- 2 बड़े चम्मच गुड़ पाउडर या चीनी (वैकल्पिक)
- 2 कप पानी
मैंगो पुलाव बनाने की विधि
- सबसे पहले बासमती चावल को अच्छी तरह धोकर 20 मिनट के लिए भिगो दें. इसके बाद चावल को पकाएं ताकि दाने खिले-खिले और अलग-अलग रहें. पके हुए चावल को थोड़ा ठंडा होने दें.
- अब एक पैन में घी गर्म करें और उसमें काजू, बादाम व किशमिश डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. अब पैन में हरी इलायची और केसर वाला दूध डालें. कुछ सेकंड तक चलाते हुए पकाएं.
- इसके बाद आम का गूदा और गुड़ पाउडर या चीनी डालें. धीमी आंच पर 1-2 मिनट तक पकाएं. अब पके हुए चावल और आम के टुकड़े डालें. धीरे-धीरे मिलाएं ताकि चावल के दाने टूटें नहीं. ऊपर से भुने हुए मेवे डालकर गार्निश करें.
मैंगो पुलाव को परफेक्ट बनाने के टिप्स
मैंगो पुलाव पहली बार बना रही हैं तो कुछ टिप्स को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है. इसके लिए आप अल्फांसो, केसर और बंगनपल्ली जैसी आम की किस्में ले सकते हैं. इस रेसिपी के लिए आम की ये वैरायटी सबसे अच्छी मानी जाती हैं क्योंकि इनका स्वाद और खुशबू बेहतर होती है. हमेशा अच्छी क्वालिटी वाले बासमती चावल का इस्तेमाल करें, इससे पुलाव के दाने लंबे और खिले-खिले बनते हैं. साथ ही बहुत ज्यादा नरम आम का इस्तेमाल न करें, क्योंकि वे चावल में मिलकर पुलाव को गीला और चिपचिपा बना सकते हैं.
आम के पोषक तत्व
आम न सिर्फ स्वाद में बल्कि पोषक तत्वों से भरपूर होता है. इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट, डाइजेस्टिव इंजाएम पाए जाते हैं. ये इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद करता है. साथ ही डाइजेशन को बेहतर बनाता है. हालांकि, आम को बहुत ज्यादा मात्रा में न खाएं.





